INDvsWI: बेहतर गेंदबाजी के साथ बढ़त हासिल करने उतरेगी टीम इंडिया

वेस्टइंडीज के जुझारू प्रदर्शन के दम पर दूसरा वन-डे टाई रहने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम शनिवार (27 अक्टूबर) तीसरे मैच में उतरेगी तो भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह की वापसी के साथ गेंदबाजी में बेहतर प्रदर्शन के जरिये उसका इरादा बढ़त दुगुनी करने का होगा. भारत ने पहले मैच में वेस्टइंडीज को आठ विकेट से हराया जबकि विशाखापट्टनम में दूसरा वनडे वेस्टइंडीज ने आखिरी गेंद पर टाई करा लिया.

भुवनेश्वर और बुमराह की गैर मौजूदगी में भारत ने दोनों मैचों में कैरेबियाई टीम को 320 से ज्यादा रन बनाने का मौका दे दिया. अब दोनों की वापसी से पावरप्ले और डैथ ओवरों में भारत का प्रदर्शन बेहतर होगा. इंग्लैंड में अगले साल होने वाले विश्व कप से पहले भारत को सिर्फ 16 वन-डे और खेलने हैं. ऐसे में मध्यक्रम की अस्थिरता और निचले मध्यक्रम के बल्लेबाजों के प्रदर्शन में निरंतरता के अभाव जैसे मसलों से कप्तान विराट कोहली को पार पाना होगा.

विराट की नजरें एक और बड़ी पारी पर
सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़कर सबसे तेज 10000 वन-डे रन बनाने वाले बल्लेबाज बने कोहली टीम के प्रदर्शन की धुरी रहे हैं. उन्होंने लगातार दो शतक (140 और नाबाद 157) बनाए और अब तक 297 रन जोड़ चुके हैं. उनकी नजरें एक और बड़ी पारी पर लगी होंगी.

अंबाती रायडू ने किया दावा मजबूत
अंबाती रायडू ने 73 रन बनाकर चौथे नंबर पर अपना दावा मजबूत कर लिया. अब सवाल पांचवें, छठे और सातवें नंबर का है. महेंद्र सिंह धोनी (20) दूसरे वनडे में भी नहीं चल सके और उन पर अपनी उपयोगिता साबित करने का काफी दबाव होगा. ऋषभ पंत से भी बड़ी पारी की उम्मीद है. टीम प्रबंधन उन पर भरोसा अभी कायम रख सकता है.

ओस की भूमिका होगी अहम
भारत में दिन-रात के मैचों में ओस की भूमिका अहम है. कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल जैसे स्पिनरों को ओस के कारण गेंद पर पकड़ बनाने में दिक्कत हो रही थी. सीनियर स्पिनर रवींद्र जडेजा को अगर विश्व कप टीम में जगह हासिल करनी है तो लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा.

शिमरोन हेटमेयर सीरीज की नई खोज
दूसरी ओर कैरेबियाई टीम के लिए युवा शिमरोन हेटमेयर सीरीज की खोज साबित हुए हैं जिन्होंने 106 और 94 रन की पारियां खेली. वह एक बार फिर भारतीय गेंदबाजों के लिये सिरदर्द बन सकते हैं. विकेटकीपर बल्लेबाज शाई होप ने पिछले मैच में शतक जमाकर साबित कर दिया कि वह अपने दम पर मैच का पासा पलट सकते हैं. वेस्टइंडीज को हालांकि कीरोन पावेल, चंद्रपाल हेमराज और रोवमैन पावेल से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी.

मर्लोन सैमुअल्स और कप्तान जेसन होल्डर भी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके हैं. गेंदबाजी में केमार रोच महंगे साबित हुए और स्पिनर देवेंद्र बिशू तथा एशले नर्स ने भी रन लुटाए. कोहली के बल्ले पर अंकुश लगाना उनके लिए बड़ी चुनौती होगी.

टीमें :

भारत : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, अंबाती रायडू, एम एस धोनी, ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, मनीष पांडे, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, खलील अहमद, उमेश यादव, के एल राहुल

वेस्टइंडीज : जेसन होल्डर (कप्तान), फेबियन एलेन, सुनील अंबरीश, देवेंद्र बिशू, चंद्रपाल हेमराज, शिमरोन हेटमेयर, शाई होप, अलजारी जोसेफ, एविन लुईस, एशले नर्स, कीमो पाल, रोवमैन पावेल, केमार रोच, मर्लोन सैमुअल्स, ओशाने थामस.

मैच का समय : दोपहर 1.30 से.

Back to top button