INDvsWI: चौथे वनडे में सीरीज सील करने के इरादे से उतरेगी टीम इंडिया

भारत और वेस्टइंडीज के बीच चल रही पांच वनडे मैचों की सीरीज का चौथा वनडे आज शाम 6:30 बजे एंटिगा के सर विवियन रिचर्ड्स नॉर्थ साउंड स्टेडियम में खेला जाएगा. तीसरे वनडे में वेस्टइंडीज को 93 रन से रौंदने के बाद टीम इंडिया की नजरें अब सीरीज सील करने पर होगी.वेस्टइंडीज की टीम अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रही है और अब तक भारत के खिलाफ संघर्ष करती हुई नजर आई है. इस सीरीज में भारत पहले ही 2-0 से आगे है और इस मैच को जीतकर वह सीरीज पर पूरी तरह कब्जा कर लेगा.

वहीं मेजबान टीम के लिए यह करो या मरो का मौका है, अगर वह आज के मैच में जीत नहीं दर्ज पाते तो सीरीज उनके हाथ से निकल जाएगी. टीम इंडिया आज अपनी बेंच स्ट्रैंथ को भी आजमा सकती है. कप्तान विराट कोहली इस मैच के लिए ऋषभ पंत को टीम में जगह दे सकते हैं.
ये भी पढ़े: अनिल अंबानी ने पेश की अब तक की सबसे बड़ी स्कीम, अब 20 रुपए में बेचेंगे पेट्रोल
भारत
टीम इंडिया के ओपनर अजिंक्य रहाणे और शिखर धवन अच्छे फॉर्म में हैं, वहीं कप्तान कोहली भी लगातार रन बना रहे हैं. पिछले मैच में टीम इंडिया के सबसे अहम खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी भी फॉर्म में लौट आए. साथ ही लोअर आर्डर में केदार जाधव भी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं. अजिंक्य रहाणे ने 62, 103 और 72 रन की पारियां खेलकर मौके का पूरा फायदा उठाया है. बेहतरीन फार्म में चल रहे शिखर धवन हालांकि तीसरे मैच में नाकाम रहे लेकिन अब तक उन्होंने प्रभावित किया है.
चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव में हर मैच के साथ सुधार हो रहा है और इससे रवींद्र जडेजा की चिंता बढ़ गई होगी. रविचंद्रन अश्विन ने 28 रन पर तीन विकेट चटकाकर फार्म में वापसी की और इस दौरान वनडे क्रिकेट में अपने 150 विकेट भी पूरे किए.
वेस्टइंडीज
अपने ही घरेलू मैदान पर दो मैच हारने के बाद कप्तान जेसन होल्डर को सोचना होगा कि आखिर उनकी टीम से गलती कहां हुई. देखा जाय तो वेस्टइंडीज टीम में शाई होप और रोस्टन चेज को छोड़कर किसी भी बल्लेबाज ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है. हालांकि पिछले मैच में जेसन मोहम्मद ने 40 रनों की पारी खेली थी लेकिन दूसरे छोर पर साथ ना मिलने की वजह से वह टीम को जीत तक नहीं ले जा सके.
गेंदबाजी में भी विंडीज टीम का वही हाल है, मिगुएल कमिंस के अलावा पिछले मैच में कोई भी गेंदबाज कुछ खास नहीं कर सका था.
संभावित प्लेइंग इलेवन
भारत: शिखर धवन, अजिंक्य रहाणे, विराट कोहली (कप्तान), युवराज सिंह/ऋषभ पंत, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), केदार जाधव, हार्दिक पंड्या, रविचंद्रन अश्विन, उमेश यादव, भुवनेश्वर कुमार और कुलदीप यादव.
वेस्टइंडीज: इविन लुईस, काइल होप, शाई होप (विकेटकीपर),जेसन मोहम्मद, रोमैन पॉवेल, जेसन होल्डर (कप्तान), रोस्टन चेस, देवेंद्र बिशु, केसरिक विलियम, मिग्युएल कमिंस और एश्ले नर्स.





