INDvNZ: एमएस धोनी हुए चोटिल, हार्दिक पांड्या की विवाद के बाद टीम इंडिया में वापसी

टीम इंडिया ने सोमवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ माउंट मॉनगनुई में ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है। पांड्या को विजय शंकर की जगह टीम में शामिल किया गया है। वहीं भारतीय टीम को विकेटकीपर और पूर्व कप्तान एमएस धोनी की मौजूदगी की कमी खलेगी। धोनी को हेमस्ट्रिंग में दर्द है, जिसकी वजह से वह तीसरे वन-डे में नहीं खेलेंगे। उनकी जगह दिनेश कार्तिक को शामिल किया गया है।
हार्दिक पांड्या और केएल राहुल को एक लोकप्रिय टीवी शो कॉफी विद करण में आपत्तिजनक बयान देने के कारण निलंबित कर दिया गया था। दोनों खिलाड़ियों को ऑस्ट्रेलिया दौरे से स्वदेश भेज दिया गया था। हालांकि, पिछले सप्तान दोनों का निलंबन हटा दिया गया।
पांड्या को पिछले साल सितंबर में एशिया कप के दौरान चोट लगी थी। इसके बाद से वह क्रिकेट एक्शन से दूर हैं। पूरी फिटनेस हासिल करने के बाद पांड्या ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया से जुड़े। उनका वन-डे सीरीज में खेलना लगभग तय था, लेकिन इससे पहले ही कॉफी विद करण वाला विवाद हो गया।
पांड्या की मौजूदगी से मिडिल ऑर्डर मजबूत होता है और टीम इंडिया को तेज गेंदबाजी विभाग में भी मदद मिलती है। कप्तान विराट कोहली कई बार इसे स्वीकार कर चुके हैं। पांड्या को विजय शंकर की जगह शामिल किया गया। शंकर ने अब तक कुछ ऐसा करके नहीं दिखाया, जो पांड्या कर चुके हैं। शंकर को दूसरे वन-डे में सिर्फ दो ही ओवर करने को दिए, जिससे पता चलता है कि वह अतिरिक्त जिम्मेदारी उठाने को तैयार नहीं है।
कॉफी विद करण 6 जनवरी को टीवी पर प्रसारित हुआ था। विवाद के बाद इसे हॉटस्टार से हटा दिया गया। इस शो में पांड्या और राहुल ने रिलेशनशिप्स, क्रश, पसंदीदा फिल्म, एक्टर और एक्ट्रेस के बारे में बात की। जहां राहुल ने अपने शब्दों के चयन पर ध्यान रखा वहीं हार्दिक पांड्या ने खुलकर अपनी जिंदगी के राज खोले और विवादों को हवा दी। पांड्या और राहुल ने बाद में माफी मांगी। हालांकि, इनकी जांच चल रही है।





