INDvENG: इंग्लैंड ने टॉस जीतकर चुनी पहले गेंदबाज़ी

भारत: IND XI: कएल राहुल, विराट कोहली, एमएस धोनी, युवराज सिंह, मनीष पांडे, हार्दिक पांड्या, सुरेश रैना, परवेज़ रसूल, आशीष नेहरा, जसप्रीत बुमराह, यजुवेंद्र चहल.
इंग्लैंड: ENG XI: जेसन रॉय, सेम बिलिंग्स, जो रूट, इओन मोर्गन, बेन स्टोक्स, जॉस बटलर, मोईन अली, क्रिस जॉर्डन, लियाम प्लंकेट, आदिल रशीद, टायमल मिल्स.
कानपुर: इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट और एकदिवसीय श्रृंखला जीतने के बाद भारतीय टीम की कोशिश आज से शुरू हो रही टी-20 श्रृंखला को भी अपने नाम करने की होगी. टी-20 श्रृंखला का पहला मैच यहां के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा. भारत के ऐतिहासिक 500वें टेस्ट मैच की मेजबानी करने वाले इस मैदान पर यह पहला टी-20 मैच है.
एकदिवसीय श्रृंखला में खेलने वाले कई खिलाड़ी टी-20 श्रृंखला में नहीं हैं. चयनकर्ताओं ने टी-20 के लिए युवा खिलाड़ियों पर जोर दिया है जिनमें सबसे बड़ा नाम विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत का माना जा रहा है.
पिछले साल अंडर-19 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन कर सभी की नजरों में आए पंत ने घरेलू सत्र में भी बल्ले से अपने जौहर दिखाए हैं और रणजी ट्रॉफी के इसी सत्र में कई रन बनाए.
शिखर धवन चोटिल हैं, ऐसे में लोकेश राहुल के साथ पारी की शुरुआत के लिए पंत को अंतिम एकादश में चुना जा सकता है. हालांकि मंदीप सिंह भी राहुल के साथ सलामी बल्लेबाज की दौड़ में हैं. पंत बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, ऐसे में दाएं-बाएं हाथ के बल्लेबाज की जोड़ी को बनाए रखने के लिए टीम प्रबंधन पंत के साथ जा सकता है.
कोहली का तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करना तय है. युवराज और धौनी ने एकदिवसीय में चौथे और पांचवें नंबर पर अपने अनुभव का बेहतरीन परिचय देते हुए टीम को संभाला था. छठे नंबर पर भारत में टी-20 क्रिकेट का बड़ा नाम सुरेश रैना उतर सकते हैं. रैना लंबे अंतराल के बाद अपने घरेलू मैदान पर खेलते नजर आएंगे.
रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा को आराम दिया गया है. उनकी जगह जम्मू एवं कश्मीर के ऑफ स्पिनर परवेज रसूल और लेग स्पिनर अमित मिश्रा को टीम में जगह मिली है.
तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी अनुभवी आशीष नेहरा के कंधों पर रहेगी. वह भी इस श्रृंखला से वापसी कर रहे हैं. नेहरा का साथ जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार देंगे.
हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या टीम में निश्चित ही तीसरे तेज गेंदबाज की भूमिका निभाएंगे. आखिरी एकदिवसीय में पांड्या ने अर्धशतकीय पारी भी खेली थी.
वहीं मेहमान टीम के लिए यह श्रृंखला सम्मान की लड़ाई होगी. आखिरी एकदिवसीय में मेजबानों के खिलाफ मिली जीत इंग्लैंड के लिए टॉनिक का काम कर सकती है. उस जीत से निश्चित ही इंग्लिश टीम का आत्मविश्वास बढ़ा होगा.
कप्तान इयान मोर्गन के लिए अच्छी बात यह है कि उनके बल्लेबाजों ने एकदिवसीय श्रंखला में हमेशा रन बनाए हैं. जेसन रॉय ने तीनों मैचों में बेहतरीन फॉर्म का परिचय दिया. एलेक्स हेल्स के बाहर होने से उन्हें जरूर झटका लगा है लेकिन सैम बिलिंग्स में हेल्स की जगह भरने की काबिलियत है.
जोस बटलर टी-20 में किसी भी टीम के लिए सरदर्द साबित हो सकते हैं. जोए रूट भी अच्छी फॉर्म में हैं और टी-20 में उन्होंने भी अच्छा प्रदर्शन किया है. गेंदबाजी में डेविड विली, लियाम प्लंकेट, टायमल मिल्स और हरफनमौला बेन स्टोक्स से मोर्गन को अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी.





