इंदौर: स्कूटी से जाना था बाहर, तभी गाड़ी में दिखी सांप की पूंछ, उड़े होश

पहले हमारे आस-पास काफी घने जंगल, खाली जगहें, खेत-खलिहान हुआ करते थे. ऐसी जगहें अक्सर विषैले जीवों का बसेरा होती थीं. लेकिन धीरे-धीरे ये जगहें खत्म होने लगीं. इन जगहों पर घर बनने लगे. ऐसे में ये सांप-बिच्छू जैसे जीव हमारे आस-पास दिखने लगे. छुपने के लिए ये कभी स्टोर रूम का सहारा लेते हैं, तो कभी गाड़ियों में अपनी जगह बनाने की कोशिश करते हैं. ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो मध्य प्रदेश के इंदौर का बताया जा रहा है. इस वीडियो में स्कूटी के फ्रंट लाइट के पैनल में कोबरा को छुपा हुआ देखा जा सकता है.
वीडियो को देखने के बाद ऐसा लगता है कि स्कूटी चालक अपनी गाड़ी से कहीं बाहर जाना चाहता था, तभी उसकी नजर सांप की पूंछ पर पड़ी, जो बाहर लटकी हुई थी. सांप को देख उसके होश उड़ गए. ऐसे में उसने तुरंत सांप पकड़ने वाले को बुलाया. सांप पकड़ने वाले शख्स को वीडियो में देखा जा सकता है. वो सांप की पूंछ पकड़ता है, फिर स्कूटी के लाइट वाले पैनल को लोहे की रॉड से निकालने की कोशिश करता है. उस दौरान सांप के मुंह को अंदर देखा जा सकता है. सांप डरकर अंदर छुपा हुआ है. लेकिन संपेरा उसे बाहर निकालने पर अमादा है. हालांकि, देखने से ये कोबरा लग नहीं रहा है, लेकिन संपेरा ने इसे कोबरा बताया है.
वायरल हो रहे इस वीडियो को सांप पकड़ने वाले राजेश इंदोरी ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है. वीडियो का कैप्शन लिखा है कि कोबरा सांप स्कूटी में घुसा. वीडियो में देख सकते हैं कि वो धीरे-धीरे सांप को स्कूटी से निकालने की कोशिश करता है. लोहे के रॉड से पहले सांप के मुंह को बाहर निकालता है. फिर हाथ से पकड़कर उसके बाकी के शरीर को खींचता है. इस दौरान कोबरा अटैक करने की कोशिश करता है. वह स्कूटी के हैंडल को अपने दांतों से पकड़ लेता है. लेकिन इतना सबकुछ होने के बावजूद संपेरे को जरा सा भी डर नहीं लगता. वो उसे पकड़कर थैले में डाल लेता है.
वीडियो को अब तक 8 लाख 61 हजार से ज्यादा बार देखा जा चुका है, जबकि 18 हजार से ज्यादा लोगों ने इसे लाइक किया है. इतना ही नहीं, बहुत सारे लोगों ने कमेंट भी किया है. एक यूजर ने लिखा है कि गाड़ी की एसेसरीज में कोबरा भी लगाकर मिलता है क्या? दूसरे यूजर ने लिखा है कि सांप को निकालने के चक्कर में आपने गाड़ी की वाट लगा दी. तीसरे यूजर ने लिखा है कि गाड़ी शोरूम से लाई थी या जंगल से? चौथे यूजर ने कमेंट किया है कि यह भारतीय कोबरा जैसा नहीं लग रहा, जैसा कि आपने वीडियो में बताया है. लेकिन बढ़िया से आपने इसे रेस्क्यू किया. वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा है कि अब तो मुझे बाइक चलाने से भी डर लग रहा है.





