ई-कॉमर्स वेबसाइट के खिलाफ भारत बंद आज, यूपी के व्यापारी नहीं होंगे शामिल
ई-कॉमर्स वेबसाइट के कारोबार के खिलाफ बुलाए गए भारत बंद में उत्तर प्रदेश के व्यापारी शामिल नहीं होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले आश्वासन के बाद उन्होंने यह फैसला किया। वहीं, केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट फेडरेशन ऑफ यूपी ने प्रदेश भर में दवा दुकानें बंद रखने का फैसला किया है। फेडरेशन के अध्यक्ष गिरिराज रस्तोगी ने बताया कि ई-फार्मेसी के विरोध में प्रदेश की एक लाख 12 हजार थोक व फु टकर दुकानें बंद रहेंगी।
उप्र आदर्श व्यापार मंडल के पांच सदस्य गुरुवार रात मुख्यमंत्री योगी से मिले और उन्हें मांगपत्र दिया। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी शिकायतों को वे खुद केंद्र सरकार तक पहुंचाएंगे। इसके बाद व्यापार मंडल ने उत्तर प्रदेश में बंद वापस ले लिया। वार्ता के दौरान डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा भी मौजूद थे।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय गुप्ता के अनुसार, व्यापारियों ने मुख्यमंत्री योगी से कहा कि ई-कॉमर्स वेबसाइटों की वजह से खुदरा कारोबारियों का रोजगार प्रभावित हो रहा है। एक बड़ी अमेरिकी होलसेल कंपनी के यूपी में कारोबार शुरू करने से कारोबारियों का अस्तित्व खतरे में पड़ जाएगा।





