IND vs AFG: नीतिश कुमार रेड्डी को दूसरे वनडे में क्‍यों बाहर किया गया?

भारतीय टीम मंगलवार को लखनऊ के इकाना स्‍टेडियम में अफगानिस्‍तान के खिलाफ दूसरा वनडे खेल रही है। अफगानिस्‍तान के कप्‍तान हाशमतुल्‍लाह शाहिदी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। टीम इंडिया सीरीज में 1-0 से आगे है और उसकी कोशिश लखनऊ में जीत दर्ज करके सीरीज अपने कब्‍जे में करने की होगी।

हालांकि, टीम इंडिया ने दूसरे वनडे के लिए अपनी प्‍लेइंग 11 में तीन बदलाव किए। कप्‍तान शुभमन गिल ने बताया कि तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को डेब्‍यू का मौका दिया जा रहा है। इसके अलावा यशस्‍वी जायसवाल और कुलदीप यादव की प्‍लेइंग 11 में वापसी हुई है। मेजबान टीम ने प्रसिद्ध कृष्‍णा, नीतिश कुमार रेड्डी और हर्ष दुबे को बेंच पर बैठाने का फैसला किया।

नीतिश के नहीं खेलने की वजह
भारतीय टीम को तेज गेंदबाज ऑलराउंडर नीतिश कुमार रेड्डी को मजबूरन टीम से बाहर करना पड़ा। कप्‍तान शुभमन गिल ने टॉस के समय बताया कि रेड्डी जांघ में दर्द की समस्‍या से जूझ रहे हैं और इसी कारण मैच में हिस्‍सा नहीं ले पाएंगे।

शुभमन गिल ने टॉस के समय कहा, ‘हम भी पहले गेंदबाजी करना पसंद करते क्‍योंकि हमें पांच गेंदबाजों के साथ खेलना पड़ रहा है। हमारी कोशिश मुश्किल परिस्थितियों में बड़े लक्ष्‍य को हासिल करने की होगी। इसके अलावा यह भी देखने को मिलेगा कि हम गेंद से क्‍या कमाल कर पाते हैं। हमने तीन बदलाव किए हैं- प्रिंस यादव डेब्‍यू कर रहे हैं। नीतिश को क्‍वाड (जांघ में दर्द) की समस्‍या है, तो वो बाहर हुए। कुलदीप यादव और यशस्‍वी जायसवाल टीम में आए हैं। -शुभमन गिल, भारतीय कप्‍तान

बीसीसीआई ने दी अपडेट
बीसीसीआई ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल्‍स के जरिये नीतिश कुमार रेड्डी की चोट पर अपडेट दी है। बीसीसीआई ने पोस्‍ट किया, ‘नीतिश कुमार रेड्डी बाएं जांघ में सूजन के कारण दूसरे वनडे के लिए उपलब्‍ध नहीं हैं। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी प्रगति पर नजर रखे हुए हैं।’

भारत की प्लेइंग 11
रोहित शर्मा, यशस्‍वी जायसवाल, शुभमन गिल (कप्‍तान), श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, गुरनूर बराड़, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव।

अफगानिस्‍तान की प्‍लेइंग 11
रहमानुल्‍लाह गुरबाज, इब्राहिम जदरान, सेदीकुल्‍लाह अटल, रहमत शाह, हाशमतुल्‍लाह शाहिदी (कप्‍तान), दारविश रसूली, राशिद खान, नांगेयला खरोटी, अली गजनफर, मोहम्‍मद सलीम और बिलाल समी।

Back to top button