राफेल डील पर राहुल गांधी के बयान में सीएम रावत का पलटवार, कहा ‘उन्होंने पढ़ी गलत स्क्रिप्ट’

राफेल डील पर फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति के बयान के बाद कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर हमला किया है। इस पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को मर्यादा का ही ख्याल नहीं है कि किसके लिए क्या बोलना है।

मैं उनके ब्यान की कड़ी भर्त्सना करता हूं। फ्रांस की सरकार ने कह दिया कि हम पर किसी तरह का दबाव नहीं था। इससे आज राहुल का वो दांव भी फेल हो गया। वो बचकानी हरकत कर रहे हैं। अराजनैतिक बातें करते हैं। मुझे लगता है कि उन्हें किसी ने गलत स्क्रिप्ट लिखकर दे दी, जिसे उन्होंने पढ़ा है।

मुख्यमंत्री ने किया पुस्तक का विमोचन 
वहीं मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में डॉ. पुरुषोत्तम दत्त कंडवाल की ‘भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में देहरादून का योगदान’ नामक पुस्तक का विमोचन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम में देहरादून के आंदोलनकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पुस्तक के लेखक डा.कंडवाल ने ऐसे आंदोलनकारियों के स्वतंत्रता प्रयासों को संजोने का प्रयास किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत जैसे देश ने आजादी के लिए लंबा संघर्ष किया।

हमारी आने वाली पीढ़ी को स्वतंत्रता के संघर्ष की जानकारी हो और वह स्वाभिमान को संजोये रखे। इसमें इतिहास की महत्वपूर्ण भूमिका है। पुस्तक में 1885 से 1947 तक भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में देहरादून की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई है। इस अवसर पर विधायक हरबंस कपूर और पूर्व प्राचार्य डीएवी पीजी कालेज डॉ. देवेंद्र भसीन आदि मौजूद रहे।

Back to top button