बिहार में बेखौफ बदमाशों का आतंक जारी, भाजपा नेता विशेश्वर ओझा के मुख्य गवाह को अपराधियों ने मारी गोली
शाहपुर विधानसभा से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले पूर्व भाजपा नेता विशेश्वर ओझा हत्याकांड के मुख्य गवाह की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। इस हत्याकांड के मुख्य गवाह का नाम कमल किशोर मिश्र है। वहीं सोनवर्षा गांव निवासी अमरनाथ मिश्रा गोली लगने से जख्मी हो गए हैं। यह घटना शुक्रवार सुबह करनामेपुर थाना क्षेत्र में हुई।
इस घटना के बाद से लोगों में आक्रोश है और वह हंगामा कर रहे हैं। बता दें कि भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के करनामेपुर ओपी क्षेत्र के सोनबरसा गांव निवासी कमल किशोर मिश्र पूर्व भाजपा नेता विशेश्वर ओझा हत्याकांड के प्रमुख गवाह थे।
ओझा की 12 फरवरी, 2016 को भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड के करनामेपुर ओपी थाना क्षेत्र के सोनबरसा बाजार में अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था। ओझा पर भी पहले से 17 मामले दर्ज थे।





