बासमती चावल की पैदावार में अलीगढ़ के किसान दे रहे भरपूर योगदान, पढ़े पूरी खबर…..

जैविक खेती की ओर किसानों को रुझान बढ़ रहा है। किसान फसलों में जैविक खाद का उपयोग करने लगे हैं। इससे न सिर्फ भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ती है, बल्कि उत्पाद भी पौष्टिक तत्वों से भरपूर होता है। किसान आगामी सीजन में बासमती की खेती इसी विधि से करेंगे। इसकी वजह खाड़ी देशों में बासमती चावल की बढ़ती मांग है। रासायनिक खाद का अधिक प्रयोग होने से खाड़ी देशों में बासमती का निर्यात रोक दिया गया था। दिल्ली और हरियाणा की मंडियों के जरिए प्रोसेसिंग के बाद अलीगढ़ का बासमती भी दूसरे देशों में जाता था। जिस पर प्रतिबंध लगा दिया गया। जैविक खेती के जरिए किसान केमिकल रहित बासमती उगाएंगे।

तीन साल पहले निर्यात पर लगी थी रोक

अलीगढ़ में बासमती की पैदावार अधिक है। यहां धान का कुल रकबा 95500 हेक्टेयर है। इसमें 85400 हेक्टेयर में सिर्फ बासमती होता है। यहां के बासमती चावल की कुछ साल पहले खाड़ी देशों में काफी मांग थी। बाहर से आए निर्यातक खेतों से ही धान खरीद लेते थे, फिर प्रोसेसिंग के बाद विदेशों में चावल निर्यात करते। हरियाणा और दिल्ली की मंडी से भी यहां के बासमती का खाड़ी और यूराेपियन देशों में निर्यात होता रहा है। किसानों को भी तब अच्छी कीमत मिल जाती थी। करीब तीन साल पहले चावल के सैंपल फेल होने से निर्यात पर रोक लग गई थी। बताया किया कि कीटनाशक के अत्याधिक प्रयोग से चावल में जहरीले रसायन पाए गए। निर्यात पर अंकुश लगने से किसानों ने मंडियों में धान बेचना शुरू कर दिया। कीमत कम मिलने लगी। जो धान कभी 2500 से 2800 रुपये प्रति कुंतल बिक रहा था, वह 1500-1600 रुपये प्रति कुंतल बेचना पड़ा। रासायिनक खाद के अत्याधिक प्रयोग के नतीजों से सकते में आए किसान अब जैविक खेती का रुख कर रहे हैं। पिछले सीजन में 60 से अधिक किसानों ने जैविक खेती कर धान की उगाया था। इस बार भी किसान यही योजना बना रहे हैं। भवीगढ़ के किसान योगराज कहते हैं कि खेतों में वह जैविक खाद का ही प्रयोग करते हैं। अगले खरीफ सीजन में भी बासमती की भरपूर पैदावार करेंगे। अतरौली, इगलास, हरदुअागंज, खैर के किसान भी जैविक खेती कर रहे हैं।

जांच में मिले केमिकल

चावल के सैंपल की जांच में आइसोप्रोथियोलेन, बुप्रोफेजिन रसायन की मात्रा .05 प्रतिशत तक पाई गई थी। कृषि वैज्ञानिकों के मुताबिक इतनी मात्रा शरीर को नुकसान पहुंचाती है।

Back to top button