ICC World Cup 2019: नॉटिंघम में होने वाले भारत और न्यूजीलैंड मैच में बारिश डाल सकती है खलल

वर्ल्ड कप के महासंग्राम में आज भारत का मुकाबला न्यूजीलैंड से है। इंग्लैंड के नॉटिंघम में होने वाले इस मैच में दोनों टीमें करीब 16 साल बाद वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में आमने-सामने होंगी। इस मैच में दोनों में से किसी एक टीम के जीत का सिलसिला रुक जाएगा। दरअसल अभी तक भारत और न्यूजीलैंड ने इस टूर्नामेंट में एक भी मैच में हार का सामना नहीं किया है, इसमें भारत दो और न्यूजीलैंड तीन मैच जीत चुका है। मैच में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के साथ ही मौसम पर नजर रखनी होगी, क्योंकि आज के मैच में बारिश खलल डाल सकती है। ऐसे में मैच शुरू होने से पहले जानते हैं कि आखिर नॉटिंघम का मौसम कैसा रहेगा और बारिश आने के कितने आसार हैं…

कैसा रहेगा मौसम

नॉटिंघम में गुरुवार को होने वाले मैच में बारिश बाधा डाल सकती है। मौसम भविष्यवाणी के अनुसार, नॉटिंघम में गुरुवार को बारिश आने की संभावना है। दोपहर बाद मौसम बिगड़ने के साथ बारिश हो सकती है, जिसकी वजह से पूरे 100 ओवर का खेल होना मुश्किल लगता है। वहीं पूरे मैच के दौरान बादल छाए रह सकते हैं। तापमान 11-12 डिग्री के आसपास रहेगा। ऐसे में भारत और न्यूजीलैंड दोनों टीमें अपने गेंदबाजों का सही इस्तेमाल करने की कोशिश करेंगी।

दोनों टीमें भले ही वर्ल्ड कप में काफी सालो बाद आमने सामने हैं, लेकिन इसके अलावा भारत और न्यूजीलैंड के बीच कई मैच हुए हैं। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 106 मैच हुए हैं, जिनमें भारतीय टीम 55 में जीती और न्यूजीलैंड को 45 मैच में सफलता मिली। वहीं वर्ल्ड कप की बात करें तो वर्ल्ड कप में भारत और न्यूजीलैंड का अब तक सात बार सामना हुआ है। चार मौकों पर कीवियों को जीत मिली है जबकि भारत सिर्फ तीन बार ही जीत सका है।

वहीं भारतीय टीम इस मैच में अपने नियमित ओपनर शिखर धवन के बिना उतरेगी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले मैच में उनके अंगूठे में चोट लग गई थी। माना जा रहा है शिखर धवन के स्थान पर ऋषभ पंत को जगह मिल सकती है और आज भारत के टॉप ऑर्डर पर पारी को शुरू में संभालने का जिम्मा होगा।  

Back to top button