ICC Awards 2018 में रिषभ पंत ने मचाई धूम, जीत लिया ये खास अवॉर्ड
भारतीय युवा खिलाड़ी रिषभ पंत ने साल 2018 में अपने प्रदर्शन से तो सभी का दिल जीता ही इसके साथ ही साथ उन्होंने ICC Awards 2018 में भी अपने नाम का डंका बजवाया। पंत को आइसीसी ने आइसीसी मैन्स इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द इयर 2018 के अवॉर्ड से नवाज़ा। इतना ही नहीं उन्हें ICC 2018 की टेस्ट टीम में चुना गया।
पंत ने साल 2018 में अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का दिल जीता था। उन्होंने इंग्लैंड में अपना पहला टेस्ट शतक लगाया था, तो इसके बाद उन्होंने दूसरा शतक ऑस्ट्रेलिया में लगाया था। इसी के साथ वो पहले भारतीय विकेटकीपर बन गए जिन्होंने इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया दोनों ही देशों में शतक जड़ा हो।
पंत ने साल 2018 में बल्ले से तो कमाल दिखाया ही। इसके साथ ही साथ उन्होंने विकेटकीपिंग में भी कई रिकॉर्ड बनाए। उन्होंने पिछले साल दिसंबर में खेले गए एडिलेड टेस्ट मैच में 11 कैच पकड़े। इसी के साथ पंत ने एक टेस्ट में सबसे ज़्यादा कैच पकड़ने के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली। आपको बता दें कि पंत ने अपना टेस्ट डेब्यू इंग्लैंड में किया था और उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अपने पहले रन एक छक्का जड़कर बनाए थे।
पंत को ICC की 2018 की टेस्ट टीम में भी मिली जगह
पंत को आइसीसी की 2018 की टेस्ट टीम में भी जगह दी गई है। इस टीम में तीन-तीन भारतीय खिलाड़ी को जगह मिली है। इनमें भारतीय कप्तान विराट कोहली के साथ-साथ भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज़ रिषभ पंत और तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह को भी जगह मिली है।





