ICC वनडे रैंकिंग में पहले स्थान पर हैं ये दो भारतीय

आईसीसी के द्वारा जारी किए गए ताजा वनडे रैंकिंग में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह नंबर एक पर बरकरार हैं. कोहली 884 अंक के साथ बल्लेबाजों की रैंकिंग में पहले स्थान पर हैं जबकि वनडे टीम के उपकप्तान रोहित शर्मा 842 अंक के साथ दूसरे स्थान पर हैं.

कोहली और रोहित शर्मा के अलावा ओपनर बल्लेबाज शिखर धवन टॉप-10 में शामिल हैं. धवन 802 अंक के साथ रैंकिंग में पांचवें पायदान पर हैं.

गेंदबाजों में डेथ ओवरों के विशेषज्ञ जसप्रीत बुमराह 797 अंक के साथ पहले जबकि बायें हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव 700 अंक के साथ तालिका में तीसरे स्थान पर है. दूसरे पायदान पर अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान (788 अंक) है. युजवेन्द्र चहल शीर्ष 10 में शामिल होने की दहलीज पर खड़े हैं. उनकी मौजूदा रैंकिंग 11वीं है.

भारत टीम रैंकिंग में 122 अंक के साथ इंग्लैंड (127 अंक) के बाद दूसरे स्थान पर है. इंग्लैंड को नंबर एक ताज बचाने के लिए 10 अक्टूबर से श्रीलंका के खिलाफ शुरू हो रही पांच मैचों की वनडे सीरीज में जीत दर्ज करनी होगी.

श्रीलंका के खिलाफ इंग्लैंड के सीरीज गंवाने की स्थिति में भारत के पास नंबर एक टीम बनने का मौका होगा जो 21 अक्टूबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी. दोनों टीमें अगर आगामी सीरीज में सभी मैचों में जीत दर्ज करती है तो उन्हें एक-एक अंक का फायदा होगा.

बांग्लादेश के पास भी अपने खाते में एक अंक जोड़ने का मौका होगा. उनकी टीम 20 अक्टूबर से जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी.

Back to top button