फिर चुने गए कुंबले आइसीसी क्रिकेट समिति के अध्यक्ष

भारत के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले को दूसरी बार तीन वर्ष के लिए आइसीसी क्रिकेट समिति का फिर अध्यक्ष चुन लिया गया। उनके साथी खिलाड़ी रहे महान बल्लेबाज राहुल द्रविड़ को सदस्य बनाया गया है। जबकि हाल ही में शशांक मनोहर को निर्विरोध रूप से आईसीसी का पहला स्वतंत्र अध्यक्ष चुना गया है। इस तरह अब आईसीसी की कार्यकारी समिति में चार में दो सदस्य भारत के ही बरकरार रहेंगे।
भारत का दबदबा है कायम
विश्व क्रिकेट नियामक संस्था में भारत का दबदबा हमेशा से बना रहा है। पूर्व में भी 1997 से 2000 तक जगमोहन डालमिया तथा 2010 से 2012 तक शरद पवार आईसीसी के अध्यक्ष रहे। इसके बाद जब आईसीसी में पहली बार चेयरमैन का पद बना तो उस पर भारत के एन. श्रीनिवासन आरूढ़ हुए। श्रीनिवासन के इस पद से हटने पर भारत के ही शशांक मनोहर ने यह पद संभाला। हाल ही में दो दिन पूर्व हुए आईसीसी के स्वतंत्र चेयरमैन के चुनाव में भी भारत के शशंक मनोहर को निर्विरोध चुना गया।
कुंबले खेलेंगे इस पद पर तीसरी पारी
भारत के लिए सर्वाधिक विकेट ले चुके कुंबले क्रिकेट समिति के अध्यक्ष के रूप में तीसरी पारी खेलेंगे। उनको 2012 में पहली बार अध्यक्ष चुना गया था और अब वह 2018 तक अध्यक्ष बने रहेंगे। द्रविड़ के अलावा श्रीलंका के पूर्व कप्तान महेला जयवर्धने को भी आईसीसी क्रिकेट समिति का सदस्य नियुक्त किया गया। द्रविड़ और जयवर्धने 1996 से 2015 के बीच कुल 1161 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। उन्हें तीन साल के लिए सदस्य बनाया गया है।
सबसे अमीर बोर्ड है बीसीसीआई
भारत में क्रिकेट की लोकप्रियता पूरे विश्व में सबसे अधिक है और यहां का बोर्ड विश्व भर में सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड है। भारत में फटाफट क्रिकेट ही नहीं टेस्ट क्रिकेट के भी लोग दीवाने हैं। यहां होने वाले मैचों से सर्वाधिक राजस्व प्राप्त होता है। यहां क्रिकेट खेलने आने वाले खिलाड़ियों को उनके अपने देशों से भी ज्यादा भुगतान किया जाता है। यही वजह है कि विश्व क्रिकेट हमेशा भारत की ओर टकटकी लगाए देखता रहता है।






