Hyundai Q4 Results: 3 महीने में कार की रिकॉर्ड सेल्स, फिर भी गिरा कंपनी का मुनाफा

ऑटोमोबाइल सेक्टर की दिग्गज कंपनी हुंडई मोटर इंडिया (Hyundai Motor India) ने वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। Q4 में कंपनी के कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में 22.2 प्रतिशत की सालाना गिरावट देखने को मिली है, और यह 1,255.6 करोड़ रुपये रहा। हालांकि, ऑपरेशन से रेवेन्यू में Y-o-Y बेसिस पर 5.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह बढ़कर 18,916.15 करोड़ रुपये हो गया।
खास बात है कि कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 के लिए प्रत्येक शेयर पर 21 रुपये डिविडेंड (Hyundai Dividend) देने का एलान किया है। नतीजों के बाद हुंडई मोटर इंडिया के शेयर करीब एक फीसदी की तेजी के साथ 1852 रुपये पर क्लोज हुए।
Hyundai के प्रॉफिट पर क्यों पड़ा दबाव?
ऑटोमोबाइल कंपनी हुंडई की प्रॉफेटिबिलिटी पर दबाव खर्चों में रेवेन्यू की तुलना में अधिक तेजी से हुई वृद्धि के कारण पड़ा है। इसका मुख्य कारण तैयार माल, निर्माणाधीन माल और मौजूदा स्टॉक में बदलाव था।
EBITDA सालाना आधार पर 22.4 प्रतिशत घटकर 2,532.7 करोड़ रुपये से 1,966 करोड़ रुपये रह गया, जबकि EBITDA मार्जिन एक साल पहले के 14.1 प्रतिशत से घटकर 10.4 प्रतिशत रह गया।
हुंडई मोटर इंडिया ने कहा कि चौथी तिमाही में घरेलू बिक्री में अब तक की सबसे अधिक तिमाही ग्रोथ देखने को मिली है। थोक बिक्री में साल-दर-साल 8.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
नतीजों पर कंपनी ने क्या कहा?
हुंडई इंडिया के एमडी और सीईओ तरुण गर्ग ने कहा कि कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 की मजबूत शुरुआत की है, अप्रैल में घरेलू बिक्री में पिछले वर्ष की तुलना में 17 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने आगे कहा कि हुंडई को उम्मीद है कि हायर डिमांड वाले सेक्टर में नए उत्पादों की लॉन्चिंग और अन्य रणनीतिक पहलों के समर्थन से यह सकारात्मक गति जारी रहेगी।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 के लिए लगभग 7,500 करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय की योजना भी बताई है और कहा है कि उसका लक्ष्य EBITDA मार्जिन को अपने तय 11-14 प्रतिशत के दायरे में बनाए रखना है।





