पति का था पराई औरत से संबंध, डिप्रेशन में गई महिला, सालों बाद हुआ दोबारा प्यार

हमारे समाज में शादी को सात जन्मों का साथ माना जाता है. तमाम मुश्किलों के बावजूद लोग इस बंधन से ताउम्र बंधे रहते हैं. प्रताड़ना का शिकार होने के बावजूद लोग एक-दूसरे से अलग नहीं होना चाहते. उन्हें सिर्फ और सिर्फ समाज और रिश्तेदारों का डर सताता है कि वो लोग क्या कहेंगे. लेकिन कुछ लोग इन रिश्तों को तोड़कर आगे बढ़ जाते हैं. आज हम आपको एक ऐसी ही महिला की कहानी बताने जा रहे हैं, जिसके पति का किसी और महिला से अफेयर था. विवाद के बाद 28 साल पहले उसने महिला को तलाक दे दिया, वो डिप्रेशन में चली गई. लेकिन 56 साल की उम्र में उसे 20 साल छोटा शख्स मिला, जो उसे समझने लगा. दोनों में प्यार हुआ और शादी कर ली. अब महिला की उम्र 59 साल, जबकि उसके पति की उम्र 39 साल है.

इंस्टाग्राम अकाउंट @officialpeopleofindia ने गीता नाम की महिला की स्टोरी शेयर की है. शेयर वीडियो में महिला ने अपने जीवन से जुड़े हर पहलू को दुनिया के सामने रखा है. वीडियो के जरिए महिला ने बताया कि मैंने 56 साल की उम्र में 20 साल छोटे निखिल से शादी की. मेरी पहली शादी 28 साल पहले तलाक के साथ खत्म हो गई थी. मेरे पूर्व पति का एक्स्ट्रामैरिटल अफेयर था. इस घटना ने मुझे तोड़ दिया था और मैं डिप्रेशन में चली गई. डिप्रेशन से बचने के लिए मैंने आवारा पशुओं को बचाना शुरू किया. जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर में मेरी मुलाकात निखिल से हुई. राजनीति से लेकर आवारा जानवरों तक, हम दोनों की रुचि एक-दूसरे से मिलती थी.

मुंबई की रहने वाली गीता ने बताया कि एक दिन मैंने निखिल को अपनी पुरानी लाइफ के बारे में सबकुछ बता दिया. ऐसे में उसने मुझे डिप्रेशन से बाहर निकालने में काफी मदद की. वो मुझसे फोन पर घंटों बात करता रहता. हमें पता भी नहीं चला कि हमारी दोस्ती कब प्यार में बदल गई. 3 साल बाद एक दिन निखिल ने मुझे प्रपोज किया. वह मेरे पैरेंट्स से मिला और उनसे कहा कि मैं आपकी बेटी से शादी करना चाहता हूं. ऐसे में जल्दी हम दोनों ने अपने करीबी लोगों की उपस्थिति में शादी कर ली. हमारी शादी को 3 साल हो चुके हैं. मुझे इससे पहले कभी भी ऐसे प्यार का अहसास नहीं हुआ था. गीता और निखिल ने अपनी स्टोरी खुद People of India से शेयर की.

सोशल मीडिया पर जैसे ही यह वीडियो शेयर हुआ, तेजी से वायरल हो गया. अब तक इसे 1 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है. 2 लाख 87 हजार से ज्यादा लोगों ने इसे लाइक किया है, जबकि 5 हजार से ज्यादा कमेंट्स आए हैं. सारांश (Saarannsh) नाम के यूजर ने अपने कमेंट में लिखा है, ‘ना उम्र की सीमा हो, ना जनम का हो बंधन, जब प्यार करे कोई, तो देखे केवल मन.’ कबीर नाम के शख्स ने लिखा है कि ऐसी कहानियां देखना कितना उत्साहवर्धक है. अनिल नाम के यूजर ने कमेंट किया है कि काश! इतने समझदार लोग हर जगह होते. जितने इस कमेंट सेक्शन में हैं. आशीष नाम के यूजर ने लिखा है कि उम्र तो बस एक नंबर है, दिल और आत्मा का जुड़ाव ही काफी है…आप दोनों के लिए खुश हूं. लेकिन साक्षी नाम की लड़की ने इस रिश्ते पर सवाल खड़े किए हैं. उसने अपने कमेंट में लिखा है कि सभी लोग प्रशंसा कर रहे हैं, लेकिन क्या कोई अपने जवान बेटे की शादी एक आंटी से करेगा? सवाल यह है कि किस बात से यह बेचारा आकर्षित हो गया, इस प्रेम कहानी की शुरुआत किसने की?

Back to top button