बड़ी खबर: मुंबई एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की मिली धमकी, 10 लाख डॉलर की मांग

मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मुंबई पुलिस को ईमेल के जरिए एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली. पुलिस ने कहा कि गुरुवार को मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल 2 को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला. ईमेल भेजने वाले ने मुंबई एयरपोर्ट पर विस्फोट को रोकने के लिए 48 घंटों के भीतर बिटकॉइन में 1 मिलियन अमेरिकी डॉलर (10 लाख डॉलर) की मांग की है.
मुंबई पुलिस ने कहा कि सहार पुलिस ने ईमेल आईडी[email protected] का उपयोग करके धमकी भरा मेल भेजने के लिए एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक, यह मेल गुरुवार सुबह करीब 11 बजे मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (एमआईएएल) के फीडबैक इनबॉक्स पर भेजा गया था.
धमकी भरे मेल में लिखा है: ‘विषय: विस्फोट.’ मेल के टेक्स्ट में लिखा है- यह आपके एयरपोर्ट के लिए अंतिम चेतावनी है. अगर दिए गए पते पर बिटकॉइन में एक मिलियन डॉलर ट्रांसफर नहीं किए गए तो हम 48 घंटों के भीतर टर्मिनल 2 को बम से उड़ा देंगे. 24 घंटे के बाद हम एक और चेतावनी जारी करेंगे.’
मुंबई पुलिस के मुताबिक, भारतीय दंड संहिता की धारा 385 (जबरन वसूली के लिए किसी व्यक्ति को चोट के डर में डालना) और 505 (1) (बी) (जनता में डर पैदा करने या सार्वजनिक शांति के खिलाफ भय पैदा करने के इरादे से दिए गए बयान) के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल, आगे की जांच जारी है.





