हॉन्गकॉन्ग की इस इमारत पर है भारतीयों का ‘राज’! खैनी-पान की है दुकान

एक वक्त था जब आबादी के मामले में चीन, भारत से आगे था. पर अब भारत सबसे ज्यादा आबादी वाला देश बन गया है. आपको शायद दुनिया के हर देश में भारतीय मिलेंगे. वो जहां जाते हैं, अपना राज कायम कर लेते हैं. राज से हमारा मतलब ये नहीं कि वो वहां शासन करने लगते हैं, बल्कि ये कि वो विदेशों में भी भारत की परंपरा, खान-पान, तौर-तरीकों को ले जाते हैं और इस तरह मिनी इंडिया बसा लेते हैं. ऐसा ही भारतीय ने हॉन्गकॉन्ग में भी किया है. यहां पर एक ऐसी इमारत (Hongkong building mini India) है, जिसके अंदर जाते ही आपको लगेगा जैसे आप भारत पहुंच गए हैं. खैनी-पान से लेकर शुद्ध शाकाहारी भोजन तक, आपको यहां सब कुछ मिलेगा.
ट्रैवलर और इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर आकाश चतुर्वेदी (@kaash_chaudhary) ने हाल ही में एक वीडियो पोस्ट किया है जो हॉन्गकॉन्ग का है. इस वीडियो में वो हॉन्गकॉन्ग की उस इमारत के बारे में बता रहे हैं, जिसे ‘मिनी इंडिया’ (Mini India in Hongkong viral video) कहा जाता है. उन्होंने वीडियो बनाते हुए कहा कि जैसे ही इस बिल्डिंग के अंदर कोई जाएगा, वो ये भूल जाएगा कि ये हॉन्गकॉन्ग की इमारत है. अंदर इंडिया से जुड़े सारे सामान, खाने-पीने की चीजें मिलती हैं.
हॉन्गकॉन्ग में इंडियन खाना
जब वो अंदर जाते हैं तो वहां उन्हें एक रेस्टोरेंट का मालिक अपने दुकान में मिलने वाली सब्जियां दिखाता है, जिसमें पालक पनीर, दाल, चना मसाला, भिंडी जैसी सब्जियां मिल रही हैं. उसके अलावा वेज पकौड़ा, आलू टिक्की भी मिल रही है. जब वो आगे बढ़ते हैं, तो उन्हें सबसे ज्यादा हैरानी ये देखकर कर होती है कि उस इमारत में तंबाकू, जैसे चैनी-खैनी, रजनीगंधा, पासपास, मिल रहा है. दुकानदार ने बताया कि वहां पर पान भी मिलता है. इसके बाद शख्स दिखाता है कि इमारत में शेर-ए-पंजाब रेस्टोरेंट भी है. साथ ही वहां पर एक शुद्ध शाकाहारी रेस्टोरेंट है जो काफी अनोखी बात है.
वीडियो हो रहा है वायरल
इस वीडियो को 13 लाख व्यूज मिल चुके हैं जबकि कई लोगों ने कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है. एक ने कहा कि मिलता तो है, पर ये काफी मेहंगा होगा. एक ने कहा कि वहां पर भी लोग पान खाकर शहर को केसरिया कर देंगे. एक ने कहा कि ये अनोखी बात है कि जैन खाना भी वहां पर मिल रहा है.





