गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- सीबीआई मुद्दे पर देश को गुमराह कर रहे हैं राहुल गांधी

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह का कहना है कि कांग्रेस कभी जनहित के मुद्दों पर सड़क पर नहीं उतरती है और अब जब सीबीआई मुद्दा सुप्रीम कोर्ट में है तो उस पर प्रदर्शन और बयानबाजी कर राहुल गांधी जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी खुद को सुप्रीम कोर्ट से ऊपर समझते हैं तो इसमें हम कुछ नहीं कर सकते।गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- सीबीआई मुद्दे पर देश को गुमराह कर रहे हैं राहुल गांधी

गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सीबीआई डारेक्टर आलोक वर्मा को हटाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से देश भर में सीबीआई ऑफिस के बाहर प्रदर्शन करने का आह्वान किया था। राहुल ने ट्वीट कर कहा था कि वर्मा राफेल मामले की जांच कर रहे थे इसलिए मोदी सरकार ने उन्हें हटा दिया।

गृहमंत्री ने कहा कि मामला सुप्रीम कोर्ट में है, जांच चल रही है ऐसे में कांग्रेस को रिपोर्ट आने तक का तो इंतजार करना चाहिए लेकिन कांग्रेस इस मसले पर शोर मचाकर समय खराब कर रही है।

गृहमंत्री राजनाथ सिंह दो दिवसीय लखनऊ दौरे पर हैं। वह रेलवे प्रादेशिक को-ऑपरेटिव बैंक के सौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चारबाग रवींद्रालय में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि इस बैंक ने अपनी सेवाएं देते हुए सौ वर्ष पूरे कर लिए हैं जो कि बताता है कि इसकी बुनियाद बहुत मजबूत है।

वहीं, उन्होंने बैंकों से फ्रॉड करने वाले भगोड़ों पर कहा कि जो लोग देश की जनता की गाढ़ी कमाई लेकर भागे हैं। उनके खिलाफ अध्यादेश आ चुका है। ऐसे लोगों की सम्पत्ति जब्त कर पाई-पाई वसूली की जाएगी।

उन्होंने कहा कि 1969 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण कर दिया था लेकिन इसके आपेक्षिक परिणाम नहीं मिल सके। देश की जनता की जो उम्मीदे थीं वो पूरी नहीं हुई। बैंकों का राष्ट्रीयकरण करने की जगह उनका सरलीकरण किए जाने की आवश्यकता है। जिसका वर्तमान सरकार प्रयास कर रही है।

Back to top button