स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार बीते 24 घंटे में 90 हजार 928 मामले आए सामने, 325 लोगों की हुई मौत

भारत में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी बढ़ रहे हैं। आज एक दिन में ओमिक्रोन वैरिएंट के सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार बीते 24 घंटे में 90 हजार 928 मामले सामने आए और 325 लोगों की मौत हो गई। इससे एक दिन पहले 58 हजार 097 ममाले सामने आए थे। देश में एक्टिव केस बढ़कर दो लाख 85 हजार 401 हो गया है। मरने वालों की कुल संख्या चार लाख 82 हजार 876 हो गई है। कुल अब तक तीन करोड़ 51 लाख नौ हजार 286 मामले सामने आ गए हैं। यहां पढ़ें कोरोना महामारी से जुड़ा हर छोटा बड़ा अपडेट।
Coronavirus Updates
इटली से पंजाब पहुंचे विमान में 125 यात्री मिले संक्रमित
इटली के मिलान से अमृतसर पहुंची एक चार्टर्ड फ्लाइट में 179 यात्री थे। इनमें से 160 लोगों का टेस्ट किया गया और 125 लोग कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं। कुछ लोगों को यही क्वारंटाइन किया गया है। बाकि मरीजों को उनके जिलों में क्वारंटाइन किया जाएगा, जिसके लिए टीम काम कर रही है। अमृतसर एयरपोर्ट के निदेशक वीके सेठ ने यह जानकारी दी है।
महाराष्ट्र में फिलहाल लाकडाउन नहीं
देश में ओमिक्रोन वैरिएंट के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में सामने आ रहे है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को कहा कि अगर मेडिकल आक्सीजन की मांग 800 मीट्रिक टन / दिन से अधिक हो जाती है, तो लाकडाउन जैसे प्रतिबंध लगाने पर विचार किया जाएगा। विभाग ने आगे कहा कि अस्पतालों में 40 प्रतिशत से अधिक बेड अगर कोरोना के मरीजों से भर जाते हैं, तो लाकडाउन प्रतिबंधों पर विचार किया जाएगा।
दिल्ली में आज 14 हजार मामले आ सकते हैं
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने गुरुवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को कोरोना के 14 हजार मामले सामने आ सकते हैं और डेली पाजिटिविटी रेट लगभग 14 प्रतिशत तक बढ़ सकती है। एक दिन पहले 10,665 नए मामले सामने आए थे।
ओमिक्रोन वैरिएंट के एक दिन में सर्वाधिक 495 मामले सामने आए
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार भारत में गुरुवार को ओमिक्रोन वैरिएंट के एक दिन में सर्वाधिक 495 मामले सामने आए। देश में नए वैरिएंट के कुल मामले 2,630 हो गए हैं। महाराष्ट्र में इसके सबसे अधिक 797 मामले हैं। इसके बाद दिल्ली में 465, राजस्थान में 236, केरल में 234, कर्नाटक में 226, गुजरात में 204 और तमिलनाडु में 121 मामले हैं।






