लाखों दिलों पर राज करने वाली हरियाणवी क्वीन सपना हुई 30 साल की, बर्थडे पर शेयर की ग्लैमरस PHOTOS

मुंबई। लाखों दिलों की धड़कन ‘हरियाणवी क्वीन’ के नाम से दुनिया भर में अपने नाम का डंका बजवा चुकीं हरियाणवी सिंगर और डांसर सपना चौधरी 30 साल की हो गई हैं। हाल ही में उन्होंने अपना 30वां बर्थडे सेलिब्रेट किया। लगातार मेहनत के वजह से सपना सफलता की सीढ़ियां चढ़ती जा रही हैं। उन्होंने अपने दम पर हरियाणवी डांसर से बिग बॉस सेलेब्रिटी और फिर बॉलीवुड एक्ट्रेस तक का सफर तय किया है। उनके डांस शोज इतने हिट होते हैं कि बॉलीवुड एक्टर्स भी उनके आगे फीके नजर आते हैं। अपने ठुमकों से लोगों के दिलों में राज करने वाली सपना ने अपना बर्थडे खास अंदाज में मनाया।

सपना चौधरी ने परिवार के साथ शानदार अंदाज में अपना जन्मदिन मनाया है। इससे जुड़ी कुछ तस्वीरें और वीडियो भी खूब वायरल हो रही हैं, जिसमें सपना चौधरी अपने परिवार के साथ जन्मदिन मनाती नजर आ रही हैं। वहीं, इस मौके पर उन्होंने भी कुछ तस्वीरों को शेयर किया है, जिसमें वो काफी ग्लैमरस लग रही हैं।

सपना का जन्म 25 सितंबर, 1990 को दिल्ली के महिलापुर में अपने ताऊ के घर हुआ था। महज 12 साल की उम्र में उनके पिता भूपेंद्र अत्री का साया परिवार से उठ गया था। परिवार की आर्थिक हालत खराब हुई तो सपना इस मुश्किल दौर में परिवार के साथ खड़ी हुईं। सपना चौधरी के बर्थडे सेलिब्रेशन से जुड़ी ये तस्वीरें और वीडियो उनके भाई करण चौधरी ने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट से शेयर की है, जिसे लेकर फैंस भी जमकर कमेंट कर रहे हैं। अपनी बहन को जन्मदिन की बधाई देते हुए करण चौधरी ने लिखा, ‘दुनिया की सबसे प्यारी बहन को जन्मदिन की ढेर सारी बधाइयां। अपनी जिंदगी में आप जैसी बहन को पाकर मैं बहुत खुश हूं।आपको मेरी तरफ से ढेर सारा प्यार।

सपना ने मुश्किल घड़ी में न केवल परिवार को संभाला, बल्कि अपने डांस के हुनर को भी निखारती रहीं। परिवार की जरूरतों को पूरा करने के लिए सपना ने एक ऑर्केस्ट्रा ज्वाइन कर लिया, यहां पर उन्होंने अपने डांस को संवारा और निखारा, इसके साथ ही परिवार का आर्थिक सहयोग भी किया। सपना के एक डांस आइटम ‘सॉलिड बॉडी’ ने तो तहलका मचा दिया था, जिसके बाद सपना सफलता की सीड़ियां चढ़ती चली गईं। सपना चौधरी अपने डांस के जरिये फिलहाल उस बुलंदी पर हैं, जहां से उन्हें चुनौती देने वाला दूर-दूर तक नजर नहीं आता है।

Back to top button