हरियाणा का विधानसभा मानसून सत्र आज से शुरू…

चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र शुक्रवार को शुरू होगा। सत्र के हंगामेदार रहने के आसार हैं, क्योंकि विपक्ष सरकार को एसवाईएल, फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने के लिए विधेयक सहित अन्य मुद्दों पर घेरने की रणनीति बना रहा है। सत्र 2 बजे शुरू होगा। जिसमें दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी जाएगी। 

इससे पहले भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर कांग्रेस नेता इकट्ठे होंगे और सरकार को घेरने की रणनीति बनाएंगे। वहीं दूसरी तरफ इनेलो ने भी सरकार के खिलाफ पूरी तैयारी कर रखी है। कांग्रेस दूसरी विपक्षी पार्टी इनेलो के साथ मिलकर अविश्वास प्रस्ताव भी ला सकती है। बता दें कि पहले मानसून सत्र 17 अगस्त से शुरू होना था, लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। 

सत्र के पहले दिन पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी, जींद से इनेलो विधायक हरी चंद मिड्ढा और शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद सदन की कार्यवाही को स्थगित कर दिया जाएगा। 8 व 9 सितंबर को अवकाश रहेगा। 10 सितंबर को दोपहर बाद सदन की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू होगी।

इन छह मुद्दों पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव।
1. बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और रोडवेज कर्मचारियों पर एस्मा लगाते हुए दमनात्मक कार्रवाई। 
2. बदतर होती स्वास्थ्य सेवाएं।
3. नदी और पहाड़ों में अवैध खनन।
4. आवारा पशु और गोशालाओं में गोवंश की मौत।
5. स्कूलों में खराब होता शैक्षणिक माहौल।
6. बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान। 

इन मुद्दों पर काम रोको प्रस्ताव लाएगा इनेलो
1. सोनीपत के विद्यालय की छात्रओं से यौनाचार। 
2. 8 सितंबर के हरियाणा बंद के दौरान सरकार की नाकामियों पर पूरे प्रदेश से मिले फीडबैक पर चर्चा। 
3. सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बावजूद सतलुज-यमुना लिंक नहर (एसवाईएल) का निर्माण शुरू नहीं होने का मुद्दा।
4. दादूपुर नलवी नहर की जमीन को डि-नोटिफाई करने का फैसला वापस लेते हुए नहर को पूरा कराने की मांग। 
5. व्यापारियों पर जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) और नोटबंदी की मार।
6. ई-ट्रेडिंग और इंस्पेक्टरी राज से व्यापारियों का शोषण।
7. फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य को लेकर भाजपा की पांच रैलियों पर सवाल।
8. बिगड़ी कानून व्यवस्था और नशे का बढ़ता कारोबार।

Back to top button