हरियाणा: छात्रा ने प्रोफेसर को मोबाइल नंबर देने से किया इंकार, तो मिली ये बड़ी धमकी

कॉलेज प्रोफेसर की ‘आशिकी’ देखिए, छात्रा से मोबाइल नंबर मांग रहा था। उसने मना किया तो धमकाने लगा कि असेसमेंट के नंबर काट दूंगा, फेल हो जाओगी। मामला हरियाणा के अंबाला कैंट का है। छात्रा ने जानकारी प्रिंसिपल को दी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इस वजह से छात्राओं में रोष है। हाल ही में चुनी गई कॉलेज प्रधान को भी छात्रा ने मामले की जानकारी दी है।

अंबाला कैंट के राजकीय कॉलेज में पढ़ रही बीए प्रथम वर्ष की छात्रा को प्रोफेसर ने बुलाया और बातचीत करते हुए उसे मोबाइल नंबर मांगा। प्रोफेसर द्वारा मोबाइल नंबर मांगने पर छात्रा सकपका गई। उसने पहले इस बात का कोई जवाब नहीं दिया, फिर नंबर देने से मना कर दिया। सूत्र बताते हैं कि मोबाइल नंबर नहीं देने पर प्रोफेसर ने छात्रा को उसके असेसमेंट के अंक काटने तक की धमकी दे दी।

मामले के बारे में पहले उसने सहेलियों को बताया। इसके बाद कॉलेज प्रधान को बताया। कॉलेज प्रधान ने छात्रा को प्रिंसिपल से मामले की शिकायत करने को कहा। इस पर अमल करते हुए प्रिंसिपल को छात्रा ने पूरी घटना की जानकारी दी, लेकिन अभी तक कोई एक्शन नहीं लिया गया। वहीं, महाविद्यालय की प्रिंसिपल पूनम वत्स का कहना है कि मामले की लिखित शिकायत मेरे पास नहीं आई है। मौखिक शिकायत के आधार पर कार्रवाई करना आसान नहीं है।

Back to top button