हरियाणा: बुजुर्ग दंपती का अटूट प्रेम, पति की मौत के बाद पत्नी ने भी त्यागे प्राण

नगर के गोसाई गेट के पास के निवासी ज्योतिषाचार्य दर्शन सेठी के माता-पिता ने साथ जिएंगे-साथ मरेंगे की बात को सच में चरितार्थ कर दिया। दर्शन सेठी के पिता करीब 81 वर्षीय हरबंस लाल सेठी व करीब 78 साल माता कृष्णावंती सेठी में काफी प्यार था। आज सुबह हरबंस लाल सेठी का निधन हो गया और करीब 5 घंटे बाद उनकी पत्नी कृष्णावंती ने भी प्राण त्याग दिए।

दोनों घर पर ही थे और हरबंस लाल सेठी के निधन की सूचना कृष्णवंती को दी नहीं गई थी। दोपहर बाद 3 बजे हरबंस लाल सेठी के अंतिम संस्कार का समय रखा गया था और घर में इसकी तैयारी चल रही थी। जब उनके अंतिम संस्कार का सामान अभी घर आया ही था कि इतने में पता चला कि उनकी पत्नी कृष्णवंती सेठी ने भी शरीर छोड़ दिया है। 2 मोक्ष वाहन घर पर बुलाए गए और दोनों का अंतिम संस्कार एक ही समय सिसाय रोड स्थित श्मशान भूमि में कर दिया गया। भाई श्याम सुंदर गुरुद्वारा गांधीनगर कॉलोनी के संचालक भाई हरिंद्र सिंह नांगरु ने सेठी दम्पति के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वास्तव में दोनों में काफी प्यार था। दोनों कर्म पर विश्वास रखने वाली पवित्र रुहें थीं और दोनों ने एक ही दिन संसार से विदाई ले ली।

Back to top button