हरभजन ने पेश की दोस्ती की मिसाल, किया ये बड़ा काम
मैदान के अंदर अपनी आक्रामकता और मस्तमौला अंदाज के लिए मशहूर क्रिकेटर हरभजन सिंह असल जिंदगी में एक जिंदादिल इंसान है। आईपीएल के 11वें सीजन की विजेता चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम में शामिल रहे हरभजन सिंह की इस समय चारों ओर वाहवाही हो रही है।
आखिर ‘टर्बनेटर’ ने ऐसा किया क्या जो वह मीडिया की सुर्खियां बने हुए हैं।दरअसल, हरभजन सिंह ने आर्थिक तंगी से जूझ रहे अपने एक बचपन के साथी की आर्थिक मदद की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अंडर-16 क्रिकेट के दिनों में भज्जी के साथी रहे हरमन गंभीर बीमारी से ग्रस्त थे। हालत इतनी खराब थी कि अगर समय पर इलाज नहीं होता तो वह अपनी जान गंवा बैठते।
भयानक आर्थिक तंगी से जूझ रहे हरमन जब कहीं से भी अपने इलाज के लिए पैसों का इंतजाम नहीं कर पाए तो उन्हें हरभजन सिंह की याद आई। ऐसे में हरभजन सिंह ने आर्थिक मदद कर उनका इलाज करवाया और अपनी दोस्ती का फर्ज भी निभाया।
मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो हरभजन के साथ 90 के दशक में साथ क्रिकेट खेले हरमन हैरी की आंत में घाव हो गया था जिसके चलते वह इस गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। एक तरफ भज्जी के करियर ने उड़ान पकड़ ली तो दूसरी ओर हरमन को किस्मत का साथ नहीं मिल पाया।
हरभजन सिंह ने बताया कि, ‘हरमन ने किसी तरह मुझसे संपर्क किया और मुझे अपनी उस तकलीफ के बारे में बताया जिससे वह गुजर रहे थे, हरमन को पैसों की सख्त जरूरत थी तब मैने उनसे कहा कि वह आगे बढ़ें और अपना इलाज कराएं और इलाज के दौरान आने वाले सारे खर्च मैं उठाने को तैयार हूं।’
अब हरमन का इलाज हो चुका है। इलाज के बाद हरमन ने हरभजन सिंह का शुक्रिया अदा करते हुए कहा, मैं पूरी जिंदगी उनका (हरभजन सिंह) शुक्रगुजार रहूंगा।’





