GST: 97 हजार करोड़ से अधिक की हुई कमाई, केंद्र के खजाने में आया इतना पैसा

नवंबर महीने में केंद्र व राज्य सरकारों को गुड्स एंड सर्विस टैक्स (जीएसटी) से 97 हजार करोड़ की कमाई हुई। हालांकि यह अक्तूबर के मुकाबले 3 हजार करोड़ रुपये कम रही। अक्तूबर में जीएसटी से कुल कमाई एक लाख करोड़ रुपये के पार चली गई थी। इससे पहले सितंबर में 94442 करोड़ रुपये की कमाई केंद्र व राज्य सरकारों को हुई थी। 
केंद्र के हिस्से में आया इतना हिस्सा
जीएसटी से कुल कमाई 97637 करोड़ रुपये रहीं, जिसमें सीजीएसटी 16812 करोड़ रुपये, एसजीएसटी 23070 करोड़ रुपये और आईजीएसटी 49726 करोड़ रुपये रहा। वहीं सेस से 8031 करोड़ रुपये सरकार को प्राप्त हुए।
अक्तूबर से लागू हुआ टीडीएस, टीसीएस का नियम
केंद्र सरकार ने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) कानून के तहत स्रोत पर कर कटौती (टीडीएस) तथा स्रोत पर कर संग्रह (टीसीएस) प्रावधानों को एक अक्तूबर से लागू कर दिया है। केंद्रीय जीएसटी (सीजीएसटी) अधिनियम के मुताबिक, अधिसूचित कंपनियों को 2.5 लाख रुपये से अधिक की वस्तुओं या सेवाओं की आपूर्ति के भुगतान पर एक फीसदी टीडीएस काटना जरूरी होगा। साथ ही, राज्य कानूनों के तहत राज्य एक फीसदी टीडीएस वसूलेंगे।





