बखरी(पटना).बखरी थाना क्षेत्र के शकरपुरा गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुई झड़प में एक 70 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। घटना के बारे में मृतक के पुत्र शकरपुरा निवासी शैलेंद्र प्रसाद सिंह द्वारा बखरी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। थाने को दिए आवेदन में कहा गया है कि गुरुवार की सुबह करीब 8 बजे कामास्थान निवासी योगेंद्र पोद्दार का पुत्र पप्पू पोद्दार, स्व. . हीरा सिंह का पुत्र पंकज सिंह, विजयी श्रवण सिंह सहित दस अज्ञात लोग उनकी खेत पर पहुंचे और जबरन ट्रैक्टर से मिट्टी गिराने लगे, जिसका जवाहर सिंह ने विरोध किया।
– इतने में ये सभी लोग हत्या करने के उद्देश्य से मारपीट करने लगे। मारपीट कर जमीन पर गिरा दिया। हल्ला होने पर सभी भाग गए, जिसके बाद उन्हें बखरी पीएचसी लाया गया, जहां कुछ ही देर में उन्होंने दम तोड़ दिया। इधर, थानाध्यक्ष त्रिलोक कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक के शरीर पर कहीं भी जख्म के निशान मौजूद नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए किया हंगामा
मृतक जवाहर सिंह के परिजनों ने आरोपी पप्पू पोद्दार की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। सूचना पाकर पीएचसी पहुंचे बखरी थानाध्यक्ष त्रिलोक कुमार मिश्रा को देखते ही परिजन हंगामा करने लगे। परिजन आरोपी पप्पू पोद्दार पर हत्या का मामला दर्ज कर अविलंब गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। थानाध्यक्ष के काफी समझाने बुझाने के बाद परिजन शांत हुए।
मौत के चार घंटे के बाद पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा
हंगामे की वजह से लगभग 4 घंटे तक पीएचसी के बरामदे पर शव पड़ा रहा। काफी जद्दोजहद व तीन आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि वृद्ध की मौत मारपीट से नहीं, बल्कि हो हल्ला के बाद दिल का दौरा पड़ने के कारण हो गई।
बड़ा सवाल- शरीर पर चोट नहीं तो मौत हुई कैसे
पुलिस कह रही है कि मृतक के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं है, तो फिर सवाल ये है कि मृतक की मौत कैसे हुई। पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट के बाद पुलिस को जांच करने में आसानी होगी। वहीं लोगों का अनुमान है कि वृद्ध की मौत हार्टअटैक से हुई होगी।