असमायोजित शिक्षामित्रों के लिए खुशखबरी, यूपी सरकार ने दिया दिवाली पर ये बड़ा तोहफा
असमायोजित शिक्षामित्रों के लिए खुशखबरी। सरकार ने उन्हें भी 10 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय भुगतान का आदेश जारी कर दिया। सर्व शिक्षा अभियान की अपर परियोजना निदेशक ने इस संबंध में सोमवार को आदेश जारी कर दिया। दीपावली के ठीक पहले बढ़े मानदेय का आदेश जारी होने से इन शिक्षामित्रों में खुशी की लहर है।

सर्वोच्च अदालत से सहायक अध्यापक पद से समायोजन रद्द होने के बाद सरकार ने तकरीबन 1.37 लाख शिक्षामित्रों का मानदेय 10 हजार रुपये करने का निर्णय लिया। इस संबंध में आदेश पूर्व में जारी हो चुका है। इन शिक्षामित्रों को एक अगस्त से अगले 11 माह तक मानदेय का भुगतान होगा। इसके बाद से ही प्रदेश भर में शेष बचे 26504 शिक्षामित्र भी मानदेय बढ़ने का इंतजार कर रहे थे। इन शिक्षामित्रों को अभी तक 3500 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिल रहा था।
सर्व शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना निदेशक डॉ.वेदपति मिश्र के निर्देश पर अपर परियोजना निदेशक राजकुमारी वर्मा ने सोमवार को इस संबंध में आदेश जारी किया। उन्होंने आदेश दिया है कि बेसिक शिक्षा अधिकारी, सहायक लेखाधिकारी मानदेय का भुगतान शिक्षामित्रों की वास्तविक उपस्थिति के आधार पर करेंगे। शिक्षामित्रों को अगस्त, सितंबर एवं अक्तूबर का मानदेय 10 हजार रुपये की दर से किया जाएगा।
शिक्षा मित्रों ने सात सूत्रीय मांग पत्र सौंपकर मुख्यमंत्री से कहा कि टीईटी उत्तीर्ण करने के बाद सहायक अध्यापक भर्ती के लिए अन्य कोई लिखित परीक्षा कराने का कोई औचित्य नहीं है, इसलिए ग्रेडिंग से ही भर्ती की जाए।
इसके साथ ही, दीपावली से पहले मानदेय का भुगतान कराने, पूर्व में समायोजित 1.37 लाख शिक्षा मित्रों को 1 जनवरी-2016 से 31 जुलाई-2017 तक सातवें वेतनमान अवशेष का नकद भुगतान कराने और 15 अक्तूबर को होने वाली टीईटी का परिणाम जल्द जारी कर सहायक अध्यापक के रिक्त पदों पर नवंबर में ही भर्ती निकालने की मांग की गई।
लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के प्राप्तांक प्रतिशत का 60 प्रतिशत अंक उनके गुणांक के साथ जोड़ा जाएगा। 40 नंबर का शैक्षिक गुणांक होगा। इस तरह लिखित परीक्षा के प्राप्तांक प्रतिशत के 60 प्रतिशत व शैक्षिक गुणांक से मेरिट बनेगी।





