यूरोपियन क्लब से जुड़कर कहर ढाएगा भारत का ये ‘रोनाल्डो’

मध्यप्रदेश के लोकल क्लास फुटबॉलर इशांत साही ने देश का सम्मान बढ़ाते हुए एक ऐसा कारनामा किया है, जिसकी कल्पना कर पाना भी मुश्किल है। इशांत किसी भी यूरोपियन फुटबॉल क्लब की तरफ से खेलने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। दरअसल इशांत साही यूरोपियन फुटबॉल क्लब ‘पालामोस एफसी’ से जुड़ने वाले पहले भारतीय फुटबॉलर बने हैं।
बता दें कि ‘पालामोस एफसी’ स्पेन का तीसरा सबसे पुराना फुटबॉल क्लब है। एक अन्य अकेडमी से खेलने के लिए इशान पिछले साल ही स्पेन गए थे। पालामोस एफसी के साथ पिछले हफ्ते जुड़ने के बाद उन्होंने अपना पहला मैच रविवार को खेला। फॉरवर्ड पोजीशेन पर खेलते हुए इशान ने अपने कलात्मक फुटवर्क का बेहतरीन इस्तेमाल कर दर्शकों का दिल जीता।
इशान की इस उपलब्धि के बाद उनके पिता हरदीप साही ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए बताया कि उनका बेटा दिल्ली की अंडर-19 टीम के लिए भी खेल चुका है। पिछले साल वह सर्वाधिक गोल करने वाला खिलाड़ी बना था। बता दें कि इशान के पिता खुद इंडियन जूनियर हॉकी टीम के कोच रह चुके हैं।





