MP की दस नदियों में विसर्जित होंगी पूर्व प्रधानमंत्री अटलजी की अस्थियां

भोपाल। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का अस्थि कलश 23 अगस्त को नर्मदा-क्षिप्रा सहित प्रदेश की दस नदियों में विसर्जित किया जाएगा। नर्मदा नदी में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपाध्यक्ष राकेश सिंह द्वारा अस्थियां विसर्जित की जाएंगी।

बाकी नदियों क्षिप्रा, ताप्ती, चम्बल, सोन, बेतवा, पार्वती, सिंध, पेंच और केन में एक-एक मंत्री और एक भाजपा पदाधिकारियों द्वारा अस्थिकलश विसर्जित किया जाएगा। 21 अगस्त को भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम (लाल परेड ग्राउंड) में श्रद्धांजलि सभा होगी, जिसमें सभी पार्टी और सभी वर्ग के लोग शामिल होंगे।

प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता डॉ. दीपक विजयवर्गीय के मुताबिक मंगलवार को राजधानी के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में सर्वदलीय श्रद्धांजलि कार्यक्रम रखा गया है। इसमें सभी दल और वर्ग के लोग शामिल होंगे। भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह सहित सभी लोग श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।

विजयवर्गीय ने बताया कि भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह 22 अगस्त को दोपहर तक पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का अस्थिकलश लेकर भोपाल पहंुच जाएंगे। ग्वालियर की सभा 22 अगस्त को शाम साढ़े 5 बजे फूलबाग मैदान में आयोजित की गई है। यहां उनके परिजन अस्थिकलश लेकर सीधे पहुंचेंगे। इसमें मुख्यमंत्री, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के अलावा केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी शामिल होंगे।

दस कलश यात्राएं निकलेंगी 23 को

नर्मदा नदी, होशंगाबाद- मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह के नेतृत्व में यह यात्रा मंडीदीप, औबेदुल्लागंज, बुदनी होते हुए नर्मदा तट होशंगाबाद पहुंचेगी।

पार्वती नदी, चाचौड़ा- बैरसिया, नरसिंहगढ़, पचौर, सारंगपुर, शाजापुर, आगर, सुसनेर, जीरापुर, खिलचीपुर, राजगढ़, ब्यावरा होते हुए चाचौड़ा पहुंचेगी। यात्रा में मंत्री रामपाल सिंह, प्रदेश मंत्री पंकज जोशी, सांसद मनोहर ऊंटवाल शामिल होंगे।

क्षिप्रा नदी, उज्जैन- यह यात्रा सीहोर, देवास, इंदौर होते हुए क्षिप्रा तट उज्जैन पहुंचेगी। यात्रा में केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत, मंत्री पारस जैन, सुदर्शन गुप्ता एवं बंशीलाल गुर्जर शामिल होंगे।

ताप्ती नदी, बुरहानपुर- यह यात्रा मंडीदीप, औबेदुल्लागंज, रहटी, खातेगांव, खंडवा होते हुए बुरहानपुर पहुंचेगी। इस यात्रा में पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान, मंत्री अर्चना चिटनीस, मंत्री अंतरसिंह आर्य एवं जीतू जिराती शामिल होंगे।

सोन नदी, रीवा- यह यात्रा बरेली, पिपरिया, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, डिंडौरी, उमरिया, शहडोल, सीधी होते हुए रीवा पहुंचेगी। इस यात्रा में मंत्री राजेन्द्र शुक्ला, अजयप्रताप सिंह, पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह, शरतेन्दु तिवारी शामिल होंगे।

बेतवा नदी, ओरछा- यह यात्रा विदिशा, सागर, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ होते हुए ओरछा पहुंचेगी। इस यात्रा में केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार, मंत्री गोपाल भार्गव, गृह मंत्री भूपेंद्र सिंह, सांसद प्रहलाद पटेल, प्रदीप लारिया एवं दशरथ सिंह शामिल होंगे।

पेंच नदी, छिंदवाड़ा- यह यात्रा सोहागपुर, पिपरिया, गाडरवाड़ा, लखनादौन, छपारा, सिवनी, छिंदवाड़ा होते हुए परासिया पहुंचेगी। इस यात्रा में मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे, शरद जैन, पार्टी के प्रदेश मंत्री कन्हाईराम रघुवंशी, वीरेन्द्र फौजदार शामिल होंगे।

सिंध नदी, दतिया- यह यात्रा शिवपुरी, सिरसौद, करेरा, दिनारा होते हुए दतिया पहुंचेगी। इस यात्रा में मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, लालसिंह आर्य,रुस्तम सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद भदौरिया, प्रदेश महामंत्री विष्णुदत्त शर्मा शामिल होंगे।

केन नदी, पन्ना- यह यात्रा रायसेन, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी होते हुए पन्नाा पहुंचेगी। इस यात्रा में मंत्री सुरेन्द्र पटवा, सांसद कैलाश सोनी, सदानंद गोड़बोले, शशांक श्रीवास्तव, बृजेन्द्र प्रताप सिंह शामिल होंगे।

चम्बल नदी- यह यात्रा ग्वालियर से शुरू होकर चम्बल नदी तक जाएगी।

Back to top button