इस वजह से प्रैक्टिस नहीं कर सकी टीम इंडिया, तो किया ये….

गुवाहाटी : लगातार जीत के साथ आत्मविश्वास से लबरेज भारतीय क्रिकेट टीम गुवाहाटी के बारसापाड़ा क्रिकेट स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच के जरिये सीरीज अपने नाम करने के इरादे से उतरेगी. एसीए बारसापारा स्टेडियम पर यह पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला जाएगा.

अभी तक भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीमित ओवरों की सीरीज एकतरफा रही है. वनडे सीरीज में ‘विराट सेना’ ने 4-1 से जीत दर्ज की थी. वहीं, रांची में वर्षाबाधित पहले टी-20 मैच में भारत ने 9 विकेट से जीत दर्ज करके सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है.
बता दें कि भारत ने अब तक ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 14 टी-20 मैचों में से 10 जीते हैं, जिसमें से सात लगातार जीते हैं. टीम इंडिया 28 सितंबर 2012 के बाद से ऑस्ट्रेलिया से एक भी टी-20 मैच नहीं हारी है. ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज भारतीय स्पिनरों कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल का सामना नहीं कर सके हैं, जिन्होंने चार वनडे और एक टी-20 में मिलकर 16 विकेट लिए.

कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल दोनों खिलाड़ियों ने ही भारतीय टीम की जीत में सूत्रधार की भूमिका निभाई और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को खुलकर खेलने नहीं दिया. हैरानी की बात यह है कि ऑस्ट्रेलिया के अधिकांश बल्लेबाज आईपीएल खेलते हैं और हालात से बखूबी वाकिफ है लेकिन इसके बावजूद नाकाम रहे.
भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें दूसरे टी-20 क्रिकेट मैच के लिए रविवार को ही गुवाहाटी पहुंच गई. गुवाहाटी में आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच 28 नवंबर 2010 को हुआ था जब भारत ने न्यूजीलैंड को वनडे में 40 रन से हराया था. वह मैच नेहरू स्टेडियम में हुआ था, लेकिन अब बारसापारा स्टेडियम पर मैच होगा जिसकी क्षमता 37000 है. इस मैच से पहले भी गुवाहाटी में बारिश हुई.

बारिश के चलते टीम इंडिया प्रैक्टिस नहीं कर पाई. मैदान गीला होने के कारण प्रैक्टिस नहीं हो सकी तो टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने गीले मैदान पर फुटबॉल का मजा लिया. टीम इंडिया के कुछ खिलाड़ी गीले मैदान पर फुटबॉल खेलते कैमरे में कैद हुए. महेंद्र सिंह धोनी, कप्तान विराट कोहली, मनीष पांडे और केदार जाधव ने जमकर फुटबॉल में अपना हुनर दिखाया.

ऑस्ट्रेलिया के कार्यवाहक कप्तान डेविड वॉर्नर ने भारत के खिलाफ दूसरे टी-20 से पूर्व कहा कि असम क्रिकेट संघ (एसीए) के बारसापाड़ा में नवनिर्मित स्टेडियम की पिच बल्लेबाजी के अनुकूल नजर आ रही है.
वॉर्नर ने कहा, ‘‘विकेट शानदार लग रहा है. यहां पहला मैच खेला जाएगा और यह दोनों टीमों के लिए विशेष होगा. उम्मीद करते हैं कि हम यहां पहली जीत दर्ज कर पाएंगे.’’ स्थानीय क्यूरेटर मुकुट कलिता ने भी कहा है कि यह पारंपरिक टी-20 विकेट होगा जिसमें काफी रन बनेंगे.

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा सर्वश्रेष्ठ प्रयास रनों से भरपूर विकेट बनाकर मैच को यागदार बनाने का है. हमने देखा है कि घरेलू क्रिकेट में इस विकेट से स्पिनरों को मदद मिलती है लेकिन उम्मीद करता हूं कि कल इस पर काफी रन बनेंगे.’’

पिछले साल हिमाचल प्रदेश की टीम रणजी ट्राफी मैच में यहां सिर्फ 36 रन पर सिमट गई थी लेकिन कलिता के इसके लिए हिमाचल के बल्लेबाजों के टिककर खेलने में नाकाम रहने पर दोष मढ़ा. बता दें कि जब से यह स्टेडियम बना है तब से कलिता इसके साथ जुड़े रहे हैं और यहां पिछले तीन सत्र से घरेलू मैचों का आयोजन हो रहा है और कल इस स्टेडियम का अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मैच का इंतजार खत्म होगा.

कलिता ने कहा कि बारिश की भविष्यवाणी की गई है, लेकिन वे इससे निपटने के लिए तैयार हैं और मिट्टी में रेत अधिक होने के कारण पानी की निकासी प्रणाली में मदद मिलेगी. उन्होंने कहा, ‘‘बारिश होने पर हम विकेट को कवर कर देते हैं, यह पर्याप्त है क्योंकि अधिक रेत होने के कारण पानी की निकासी काफी कम समय में हो जाती है.’’ आज दोपहर भी बारिश हुई जिसके कारण भारत को अपना अभ्यास सत्र रद्द करना पड़ा.

महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली, केदार जाधव, आशीष नेहरा, मनीष पांडे और कुलदीप यादव जैसे कुछ खिलाड़ी ही इस वैकल्पिक सत्र के लिए पहुंचे थे. हालांकि, इनके नेट पर पहुंचने से पहले ही बारिश आ गई जिसके कारण उन्हें अभ्यास रद्द करना पड़ा. बारिश के रुकने पर धोनी और कोहली सहित कुछ खिलाड़ियों को फुटबॉल खेलते हुए देखा गया.

गुवाहाटी में होने वाले मैच में बल्लेबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी पूरी तरह से कप्तान विराट कोहली, शिखर धवन, रोहित शर्मा, महेंद्र सिंह धोनी पर होगी. वहीं, निचले क्रम में मनीष पांडे, केदार जाधव और हार्दिक पांड्या पर टीम को मजबूत स्कोर प्रदान करने का भार होगा.

कोहली इस मैच में तेज गेंदबाज आशीष नेहरा को अंतिम एकादश में मौका दे सकते हैं. वहीं गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार का खेलना तय है. स्पिन में कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल के ऊपर टीम का भार होगा. कुलदीप ने पिछले टी-20 में अच्छा प्रदर्शन किया था.

वहीं, मेहमान ऑस्ट्रेलिया के नियमित कप्तान स्टीव स्मिथ के सीरीज से बाहर होने के बाद और ग्लेन मैक्सवेल के फॉर्म में न होने के कारण टीम की बल्लेबाजी का पूरा भार कार्यवाहक कप्तान डेविड वॉर्नर और उनके साथ पारी की शुरुआत करने वाले एरॉन फिंच पर आ गया है. बड़ा स्कोर करने या बड़ा लक्ष्य हासिल करने के लिए इन दो बल्लेबाजों में से किसी एक का अंत तक रहना आस्ट्रेलिया के लिए जरूरी हो गया है.

गेंदबाजी में नाथन कूल्टर नाइल वनडे के बाद टी-20 में ऑस्ट्रेलिया के लिए कारगर साबित हुए हैं. उनके अलावा कोई और गेंदबाज अपनी छाप नहीं छोड़ सका है. लेग स्पिनर एडम जाम्पा से टीम को उम्मीदें हैं, लेकिन उनका जादू अभी तक देखने को नहीं मिला है.





