ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बचे हुए दो वनडे मैचों के लिए टीम इंडिया का ऐलान

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में जीत दर्ज करते ही बीसीसीआई ने बाकी दो वनडे मैचों के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। 15 सदस्यीय इस टीम में सलामी बल्लेबाज शिखर धवन को जगह नहीं मिली है। दरअसल धवन ने अपनी पत्नी आयशा धवन की सर्जरी की वजह से पहले तीन मैचों से अपना नाम वापस लिया था। अब जबकि अजिंक्य रहाणे उनकी जगह पर अच्छा खेल रहे हैं और भारत 3-0 से सीरीज पर कब्जा कर चुका है तो धवन को बाकी दो मैचों के लिए टीम से बाहर रखा गया है।For the two remaining one-day matches against Australia

वहीं चोटिल अक्षर पटेल की भी टीम में वापसी हुई है। वैसे इसे वापसी नहीं कहेंगे क्योंकि अक्षर को पहले तीन मैचों के लिए चुनी गई टीम में जगह दी गई थी लेकिन चोट की वजह से सीरीज शुरू होने से पहले उनकी जगह रवींद्र जडेजा को टीम में शामिल कर लिया गया था। हालांकि जडेजा को एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था। अब जबकि अक्षर वापस आ गए तो मुमकिन है कि आगामी वनडे मैचों में वह ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के सामने गेंदबाजी करते दिखें। अक्षर को कुलदीप यादव या युजवेंद्र चहल की जगह प्लेइंग इलेवन में जगह दी जा सकती है। ये दोनों ही रिस्ट स्पिनर अब तक इस वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं इसलिए अब कप्तान कोहली दूसरे खिलाड़ियों को मौका देना चाहेंगे।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बाकी दो वनडे मैचों के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उप-कप्तान), केएल राहुल, मनीष पांडे, केदार जाधव, अजिंक्य रहाणे, एमएस धोनी (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, जसप्रित बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, उमेश यादव, मोहम्मद शमी, अक्षर पटेल।

इसे भी पढ़े: मनीष पांडे ने पकडा़ बाउंड्री लाइन पर AMAZING कैच, देखें वीडियो

इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए तीसरे वनडे मैच में भारत ने 5 विकेट से शानदार जीत दर्ज कर पांच मैचों की ये सीरीज जीत ली है। इसके साथ ही टीम इंडिया एक बार फिर से आईसीसी वनडे रैंकिंग में पहले स्थान पर आ चुकी है। मैच के बाद विराट कोहली ने कहा है कि यहां से वह दूसरे खिलाड़ियों को मौका देंगे, इसलिए आने वाले मैचों में टीम इंडिया में कई नए कॉम्बिनेशन देखने को मिल सकते हैं। मुमकिन है तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और उमेश यादव को भी प्लेइंग इलेवन में जगह मिले। भारत को चौथा वनडे 28 सितंबर को बैंगलौर में खेलना है और पांचवां वनडे 1 अक्टूबर को नागपुर में खेला जाएगा।

Back to top button