IPL इतिहास में पहली बार क्रिस गेल के लिए बदले गए नियम

आईपीएल में 700 से अधिक रन बनाने वाले वेस्टइंडीज के धुरंधर सलामी बल्लेबाज को आखिरकार खरीदार मिल ही गया। एक समय लग रहा था कि इस बल्लेबाज को खरीदने के लिए कोई टीम दिलचस्पी नहीं दिखा रही है। बाद में नीलामी खत्म होने से ठीक पहले नियम बदल क्रिस गेल की बोली लगाई गई। 

शनिवार को जब खिलाड़ियों की बोली शुरू हुई तो क्रिस गेल को किसी टीम ने नहीं खरीदा। इसी तरह दूसरे दिन भी जब वेस्टइंडीज के इस बल्लेबाज का नाम बोला गया तो भी किसी ने उनपर बोली नहीं लगाई। इसके बाद जब बोली खत्म होने वाली थी तभी किंग्स इलेवन पंजाब ने विशेष अनुरोध किया। पंजाब के अनुरोध पर क्रिस गेल की बोली लगाई गई।  किंग्स इलेवन पंजाब ने विशेष अनुरोध के बाद लगी तीसरी बोली में उनके बेस प्राइस दो करोड़ रुपये में खरीद लिया। 

क्या है नियम : 
एक बार अगर कोई खिलाड़ी बिक नहीं पाता है तो दूसरे दिन उसके लिए दोबारा बोली लगाई जाती है और फिर भी अगर वह नहीं बिक पाता है तो उसे हमेशा के लिए ‘अनसोल्ड’ कैटेगरी में डाल दिया जाता है। 

पंजाब ने किया विशेष अनुरोध : 
गेल जैसे कद्दावर खिलाड़ी के मामले में रविवार को कुछ अलग हुआ और किंग्स इलेवन के विशेष अनुरोध पर उनकी बोली तीसरी बार लगाई गई। अभी तक किसी भी खिलाड़ी के लिए तीसरी बार बोली नहीं लगाई गई। इस तरह दुनिया की इस सबसे प्रतिष्ठित क्रिकेट लीग में इस धुरंधर खिलाड़ी का करियर खत्म होने से बच गया। 

गेल का रिकॉर्ड : 
गेल के नाम टी-20 क्रिकेट में 11 हजार से अधिक रन और 20 से अधिक शतक दर्ज हैं। गेल इससे पहले आईपीएल में कोलकाता नाइट राईड्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेले हैं। 

खत्म हुई IPL नीलामी, जानिए किस टीम में गया आपका चहेता खिलाड़ी, देखें पूरी लिस्ट

गेल ने नाइट राईड्स और रॉयल चैलेंजर्स के अलावा एक फ्रीलांस क्रिकेटर के तौर पर बारिसाल बर्नर्स, ढाका ग्लैडिएटर्स, लाहौर क्वालैंडर्स, माताबेलेलैंड्स तुर्कर्स, मेलबर्न रेनेगेड्स, सेंट कीट्स नेविस पैट्रियॉर्ट्स, स्टैनफोर्ड सुपरस्टार्स और सिडनी थंडर जैसी टी-2० फ्रेंचाइजी टीमों को अपनी सेवाएं दी हैं। गेल ने आईपीएल में 2008 के पहले सीजन को छोड़कर बाकी सभी सीजनों में क्रिकेट प्रेमियों को मनोरंजन किया है। 

2011, 2012 और 2013 में गेल ने 600 से अधिक रन बनाए थे। 175 नाबाद उनका इस टूनार्मेंट में श्रेष्ठ व्यक्तिगत योग रहा है। गेल ने 101 आईपीएल मैच में कुल 3626  रन बनाए हैं, जिनमें पांच शतक और 21 अर्धशतक शामिल हैं। इस धुरंधर खिलाड़ी ने आईपीएल में कुल 294 चौके और 265 छक्के लगाए और 23 कैच भी लपके। 

गेल का तूफान 2011, 2012 और 2013 में आईपीएल में जमकर बोला था। इस विष्फोटक बल्लेबाज ने 2011 में 12 मैचों में 67.55 के औसत से कुल 608 रन बनाए थे। इसमें दो शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। इस साल गेल के बल्ले से 44 छक्के निकले थे। 

2012 में गेल ने अपने सभी आंकड़ों को पीछे छोड़ते हुए 15 मैचों में 733 रन ठोक डाले। 128 नाबाद उनका बेस्ट स्कोर था और इसके अलावा उनके बल्ले से सात अर्धशतक निकले थे। गेल ने इस साल रिकार्ड 59 छक्के लगाए, जो आज भी एक कायम है।

Back to top button