फुटबॉल प्रेमी और बातूनी होते हैं इस देश के लोग, कई तो किसी भी धर्म को नहीं मानते
July 15, 2018
2 minutes read
क्रोएशिया एक ऐसा देश है जो दक्षिण पूर्व यूरोप यानि बाल्कन में पानोनियन प्लेन और भूमध्य सागर के बीच बसा हुआ है। इस देश का दक्षिण और पश्चिमी किनारा एड्रियाड सागर से मिलता है। क्रोएशिया की हर बात दुनिया के बाकी देशों से निराली है। यहां के लोग भी कई मामलों में सबसे अलग हैं। यहां के लोगों को बातूनी तो कहा ही जाता है। साथ ही कई लोग तो ऐसे भी हैं जो किसी भी धर्म को नहीं मानते। आज हम आपको इस देश की ऐसी ही कुछ खास बातें बताने वाले हैं।
क्रोएशिया यूरोप का सबसे पुराना देश है। माना जाता है कि यहां 7वीं शाताब्दी की शुरुआत में क्रोएट्स लोग पहुंचे थे। देश का सबसे बड़ा शहर जगरेब ही उसकी राजधानी है।
क्रोएशिया एक बहुत ही छोटा देश है। इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इसका क्षेत्रफल भारत के हिमाचल प्रदेश के बराबर है। इसका क्षेत्रफल 56,594 वर्ग किलोमीटर है।
देश के आकार की ही तरह इसकी जनसंख्या भी बहुत कम है। यहां की कुल आबादी 44 लाख है।
यहां की 91 फीसदी जनसंख्या ईसाई है। जबकि पांच फीसदी लोग ऐसे हैं जो किसी भी धर्म को नहीं मानते। देश में मुस्लमानों की आबादी 1.47 फीसदी है।
इस देश की एक खास बात यह भी है कि यहां के लोग बहुत बातूनी होते हैं। इसके साथ ही वह बहुत हंसमुख भी होते हैं। माना जाता है कि यहां के लोग अपनी डेट पर इतनी बात करते हैं जिससे ये कभी बोर नहीं होते।
सेवानिवृत लोगों के लिए यह दुनिया का सबसे अच्छा देश है। इसे साल 2011 में फोर्बस मैग्जीन में सेवानिवृत लोगों के रहने के लिए दुनिया के 12 देशों में पहला स्थान मिला था। यहां उन्हें आयकर में छूट दी गई है।
क्रोएशिया में एक हजार से ज्यादा द्वीप हैं। जिनमें से 67 द्वीपों पर लोग रहते हैं। बाकी जगह पर प्राकृतिक सुंदरता का अद्भुत नजारा देखने को मिलता है।
यहां के लोग खेल के काफी शौकीन माने जाते हैं। यहां का लोकप्रिय खेल फुटबॉल है। इसके अलावा यहां लोगों को एल्कोहल भी बहुत पसंद है। यदि प्रति व्यक्ति शराब की खपत के आंकड़े देखें तो उसमें क्रोएशिया चौथे स्थान पर है।
अपनी प्राकृतिक सुंदरता के कारण ये देश दुनिया भर में काफी मशहूर है। यही कारण है कि पर्यटकों की पहली पसंद क्रोएशिया ही होता है। देश की जीडीपी में भी पर्यटन का 20 फीसदी योगदान है।