Flipkart ने फुटमैट पर लगाई हरमंदिर साहिब की तस्वीर, पंजाब में विरोध प्रदर्शन

फ्लिपकार्ट ने अपनी वेबसाइट पर हरमंदिर साहिब की तस्वीर फुटमैट पर लगा दी है. इस घटना के बाद पंजाब में उबाल आ गया है. शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने कंपनी का जमकर विरोध किया है. SGPC के अध्यक्ष गोविंद सिंह लोंगोवाल ने इस हरकत के लिए कंपनी को तुरंत माफी मांगने को कहा है और साथ में तुरंत इसे वेबसाइट से हटाने की बात कही है.
इस तरह की यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले अमेजन पर भी ऐसी घटना हो चुकी है. कुछ दिन पहले अमेजन ने टॉयलेट सीट और पायदान पर हरमंदिर साहिब की तस्वीर लगा दी थी. SGPC द्वारा लीगल नोटिस भेजे जाने के बाद कंपनी ने बाद में माफी मांग ली थी. कंपनी ने धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने पर अफसोस जताते हुए माफी मांगी थी.





