पांच साल की बच्ची का अपहरण और दुष्कर्म के बाद गला काटकर हत्या
देवधर (यमुनानगर)। पांच साल की बच्ची का अपहरण और दुष्कर्म करने के बाद हत्या कर दी गई। घटना खिजराबाद क्षेत्र की है। बच्ची शनिवार दोपहर को लापता हुई थी। रविवार दोपहर उसका शव एक पूर्व मंत्री के फार्म हाउस से करीब एक किलोमीटर दूरी पर मिला। बच्ची का पिता पूर्व मंत्री के ही फार्म हाउस पर चौकीदार है।
बच्ची का पिता शनिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे साथ लगती नदी में अपनी पांच वर्षीय बच्ची के साथ मछली पकड़ने गया था। दोपहर को तेज धूप थी इसलिए चौकीदार ने बच्ची को फार्म हाउस में बने अपने क्वार्टर से छाता लाने भेज दिया। बच्ची घर से छाता तो लेकर गई, लेकिन अपने पिता तक नहीं पहुंची।
दोपहर तीन बजे मछली पकडऩे के बाद जब पिता घर पहुंचा तो उसने बच्ची के बारे में पूछा। यहां से पता चला कि वह तो छाता लेकर उसी वक्त घर से चली गई थी। उसने बेटी के बारे में आसपास के लोगों से पूछताछ की और रात 12 बजे तक उसकी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
गत सुबह लोगों ने एक बार फिर बच्ची की तलाश शुरू की। फार्म हाउस से करीब एक किलोमीटर दूर बच्ची का शव एक नाली में पड़ा मिला। उसका गला किसी तेजधार हथियार से काटा हुआ था। साथ ही उसके प्राइवेट पार्ट से खून भी निकला हुआ था। पुलिस ने शक के आधार पर तीन-चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। एसपी राजेश कालिया ने बताया कि उन्होंने मौके का मुआयना किया था। दुष्कर्म की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता। दुष्कर्म की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हो सकेगी। जल्द ही दोषियों को पकड़ लिया जाएगा।