स्कूल के लिए निकले पांच बच्चे तालाब में डूबे, दो मरे, एक का पता नहीं

  • कोचस (सासाराम).घर से पढ़ने के लिए स्कूल निकले पांच छात्र बीच रास्ते में पड़ रहे कोचस सूर्यमंदिर तालाब में शुक्रवार की सुबह डूब गए। जिनमें दो की मौत हो गई। एक छात्र गायब है। दो अन्य छात्र किसी तरह तालाब के किनारे आकर शोर मचाए, तो जुटी भीड़ ने तीनों शवों की तलाश शुरू की। दो शव मिले। जिनकी पहचान लहेरी निवासी पुटन साह की आठ वर्षीय बेटे शिवम और दूसरे एकवनिया निवासी मनोज राय के बारह वर्षीय बेटे शिवम के रूप में की गई। तीसरे छात्र के बारे में अभी जानकारी नहीं मिली है कि वह कहां का है। जो इन छात्रों को देखकर नहाने के लिए पानी में छलांग लगाया था। शोर मचाने के बाद वे दोनों छात्र भी भाग निकले। जिनके बारे में पुलिस पता लगा रही है।
    स्कूल के लिए निकले पांच बच्चे तालाब में डूबे, दो मरे, एक का पता नहीं

    नहाने से मना करने के बाद भी नहीं माने छात्र

    एक साथ जब चार छात्र नहाने की योजना बना रहे थे। मौके पर बैठे एक व्यक्ति नरेंद्र कुमार सिंह ने छात्रों को नहाने से मना किया था। जब तक वह बैठा रहा। तब तक वे घाट के आस -पास मंडराते रहे। जैसे हीं वह व्यक्ति निकला तो चारों ने एक साथ किताब व कपड़े किनारे रखकर तालाब में छलांग लगा दी। जिन्हें देखकर बगल में बैठा पांचवां छात्र भी नहाने के लिए कूद पड़ा। इसी दौरान तीनों छात्र डूब गए।

    एक ही मकान में रहता था दोनों छात्रों का परिवार

    कोचस बाजार समिति के समीप दोनों परिवार एक ही मकान में किराए पर रहता था। लहेरी के पुटन साह व एकवनियां के मनोज राय का दोनों परिवार अलग-अलग दो फ्लैट में रहने के कारण दोनों छात्र साथ-साथ स्कूल आते-जाते थे। जो मध्य विद्यालय कोचस के छात्र थे। एक तीसरी में पढ़ता था। जबकि दूसरा चौथी क्लास का छात्र था।

    तीन दिन से स्कूल में पढ़ने नहीं गए थे छात्र

    मध्य विद्यालय कोचस के प्रधानाध्यापक रामाश्रय सिंह ने बताया है कि पिछले तीन दिनों से दोनों छात्र स्कूल पढ़ने नहीं आए थे। जबकि ये दोनों छात्र सरकारी व प्राईवेट दोनों स्कूलों में पढ़ते थे। घटना के दिन ये छात्र स्कूल नहीं पहुंचे थे। उधर मृतक की मां पुष्पा देवी ने बताया कि दोनों बच्चे प्रतिदिन घर से जाते थे।

    दोनों गांवों में पसरा सन्नाटा

    कोचस सूर्यमंदिर तालाब में लहेरी और एकवनियां के दो छात्र शिवम की डूबने से हुई मौत के बाद दोनों गांवों मे मातमी सन्नाटा पसरा है। कोचस के बाजार समिति मुहल्ला स्थित आवास से लेकर गांव के पैतृक निवास तक मृतक के परिजनों की चीत्कार गुंज रही है। मातम पूर्सी करने वालों का तांता लगा हुआ है। इधर प्रशासन तीसरे शव की तलाश में स्थानीय गोताखोरों की मदद ले रहा है।
Back to top button