भूकंप के तेज झटकों से हिली ग्रीस की धरती, इटली तक महसूस किए गए झटके
एक जोरदार भूकंप से आयोनियाई सागर में स्थित ग्रीस का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जेकिनथोस द्वीप दहल गया। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण के मुताबिक 6.8 तीव्रता का यह भूकंप जेकिनथोस द्वीप के दक्षिणी भाग लिथाकिया के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में आया।
यूरोपीय भूमध्यसागरीय भूकंपीय केंद्र की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक ग्रीस के शहर पात्रा से 130 किलोमीटर दूर दक्षिण-पश्चिम की ओर भूकंप आया।
यह भूकंप रात दो बजे के आस-पास आया। भूकंप के झटकों को इटली और अल्बानिया तक महसूस किया गया। फिलहाल भूकंप से किसी तरह की क्षति या किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है।
गुरुवार को भारतीय समयानुसार तड़के 4:25 मिनट पर यह भूकंप जमीन से 16 किलोमीटर की गहराई में आया। ग्रीस दुनिया के सबसे अधिक भूकंप संभावित क्षेत्रों में शामिल है। यहां हर साल भूकंप के हजारों झटके दर्ज किए जाते हैं। लेकिन इन भूकंपों से जानमाल का नुकसान बहुत कम होता है।





