दलीप ट्रॉफी: भारत रेड व ब्लू तैयार, टीमें पहुंचीं…

देश की प्रतिष्ठित दलीप ट्रॉफी प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला सोमवार से भारत रेड व भारत ब्लू के बीच इकाना अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में शुरू होने जा रहा है। गुलाबी गेंद से होने वाले इस डे-नाइट मैच से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने फ्लड लाइट में अभ्यास किया। लीग मैचों में एक जीत एक ड्रा के साथ भारत रेड शीर्ष पर रही। वहीं भारत ब्लू की टीम एक ड्रा और वर्षा से रद्द हुए मैच के बाद चार अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही। मुकाबले के पूर्व दोनों टीमों के कप्तानों ने अपनी-अपनी जीत का दावा किया।
क्रिकेट में कभी भी कुछ भी हो सकता है इसके बावजूद भारत रेड का पलड़ा भारी माना जा रहा है।
इस टीम के बल्लेबाज पूरी फार्म में हैं। हालांकि पहले लीग मैच में भारत ग्रीन के खिलाफ दोनों पारियों में शतक जड़ने वाले प्रियांक पांचाल भारत-ए की तरफ से खेल रहे हैं। पर भारत ब्लू के खिलाफ के दोहरा शतक जमाने वाले बाबा इंद्रजीत टीम में हैं।
कप्तान दिनेश कार्तिक ने भी पहले मैच में शतक जमाया था। हां, भारत-रेड को प्रियांक पांचाल के साथ अपने स्टार गेंदबाज कर्ण शर्मा की गैरमौजूदगी खेलेगी। कर्ण शर्मा ने दो मैचों में 15 विकेट लिए थे। फिलहाल दोनों न्यूजीलैण्ड के खिलाफ भारत-ए की तरफ से खेल रहे हैं।
वहीं भारत-ब्लू अनुभवी क्रिकेटर सुरेश रैना की अगुवाई में उतरेगी। खुद सुरेश रैना मैच का रुख मोड़ने में सक्षम हैं। इसके अलावा भारत-रेड के खिलाफ लीग में शतक जमाने वाले जीवी विहारी व दीपक जगबीर हुड्डा भी बल्लेबाजी क्रम को मजबूत करेंगे। गेंदबाज ईशांत शर्मा की अगुवाई में शानदार प्रदर्शन करने में सक्षम हैं।
मुकाबला सोमवार को दिन में 1.30 बजे से शुरू होगा। इसका सीधा प्रसारण स्टार पर होगा।





