पर्रिकर ने कांग्रेस पर कसा तंज, कहा- क्या राहुल को सेना के साथ ले जाकर करता सर्जिकल स्ट्राइक
कांग्रेस पर तंज कसते हुए गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर का कहना है कि क्या वह भारतीय सेना के साथ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को ले जाकर सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम देते। साल 2016 में उरी हमलों के बाद सेना ने पाक अधिकृत कश्मीर में सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया था। पूर्व रक्षामंत्री ने यह बयान बहुत सारी विपक्षी पार्टियों द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक पर उठाए गए सवाल के जवाब में कहीं।
सिंतबर 2016 में हुए सर्जिकल ऑपरेशन का हवाला देते हुए पर्रिकर ने कहा, ‘जब हमने सर्जिकल स्ट्राइक की तो विपक्ष ने कहा कि ऐसा कभी हुआ ही नहीं। मुझे विपक्ष को सर्जिकल स्ट्राइक के लिए ले जाना चाहिए था। मुझे भारतीय सेना को कहना चाहिए था कि राहुल गांधी को साथ लेकर सर्जिकल स्ट्राइक करो। यदि आप सर्जिकल स्ट्राइक करते हैं तो सबसे महत्वपूर्ण चीज गोपनीयता होती है। इस बारे में केवल चार लोग जानते थे जिनमें मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सेनाध्याक्ष बिपिन रावत और सेना के जोन कमांडर और श्रीनगर में कमांडर के अलावा सैन्य संचालन के महानिदेशक शामिल थे।’
उरी हमलों के 11 दिन बाद जिसमें 18 जवान मारे गए थे, 29 सितबंर 2016 को सेना ने दावा किया कि उसने संदिग्ध आतंकियों के पाक अधिकृत कश्मीर के ठिकानों पर सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया है। पर्रिकर ने कांग्रेस पर अपने और भाजपा के खिलाफ झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि वह इस तरह के अभियानों के खिलाफ लोकसभा चुनावों के दौरान जवाब दें। उन्होंने कहा, ‘जब मैं सत्ता में आया तो कुछ लोगों ने फैलाया कि मैं घमंडी हूं। कांग्रेस अफवाह फैलाने में माहिर है।’





