साध्वी प्रज्ञा का विवादित बयान, कहा-शूद्र को शूद्र कह दो तो बुरा लग जाता

सीहोर। भाजपा की भोपाल से सांसद साध्वी प्रज्ञा अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चाओं में रहती हैं। एक बार फिर वह ​अपने विवादित बयान को लेकर चर्चाओं में हैं। उनके विवादित बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल, वह मध्यप्रदेश के सीहोर में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए पहुंची थी।

इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए अपशब्द कहे। इसके बाद उन्होंने कहा कि ‘क्षत्रिय को क्षत्रिय कह दो, बुरा नहीं लगता। ब्राह्मण को ब्राह्मण कह दो, बुरा नहीं लगता। वैश्‍य को वैश्‍य कह दो, बुरा नहीं लगता। लेकिन शूद्र को शूद्र कह दो तो बुरा लग जाता है। कारण क्‍या है? क्‍योंकि समझ नहीं पाते।’

उनके इस विवादित बयान का वीडियो भी सामने आया है। इसके साथ ही उन्होंने ममता बनर्जी पर हमला करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की ममता सरकार को एहसास हो गया है कि वह चुनाव हारने वालीं हैं। इसको लेकर वह तिलमिला गईं हैं।

उन्होंने कहा कि ये विधानसभा चुनाव बीजेपी ही जीतेगी। पश्चिम बंगाल में हिंदू राज्‍य होगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन में देश विरोधी लोग शामिल हैं। आंदोलन में किसानों के भेष में वामपंथी और कांग्रेसी हैं। किसानों के भेष में दूसरे लोग आकर वहां भ्रम फैला रहे हैं। लोगों को यह बात समझने की जरूरत है।

Back to top button