देवगौड़ा ने चारा घोटाले में लालू यादव को फंसाया: जगन्नाथ मिश्रा
पटना: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि एचडी देवगौड़ा ने लालू यादव को चारा घोटाले में फंसाया है। बीजेपी के उपर लालू और उनकी पार्टी जो आरोप लगाते हैं, वह गलत है। पूर्व मुख्यमंत्री मिश्रा ने कहा कि जिस समय चारा घोटाला का मामला सामने आया था उस समय इंद्र कुमार गुजराल और एचडी देवगौड़ा की सरकार थी। देवगौड़ा ने ही लालू को चारा घोटाले में फंसाया।
जगग्नाथ मिश्रा ने कहा कि इस घोटाले में मेरा नाम बेवजह शामिल किया है। यह सब तत्कालिन कांग्रेस अध्यक्ष सीताराम केसरी ने किया। वे उत्तर भारत के नेताओं को बढ़ते नहीं देखना चाहते थे। यही वजह है कि उत्तर भारत में कांग्रेस कमजाेर होती गई। वहीं, जगग्नाथ मिश्रा के पुत्र नीतीश मिश्रा ने बुधवार को पटना में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि चारा घोटाले में फैसला आने के बाद राजद नेता जिस तरह से बयानबाजी कर रहे हैं, वह न्यायपालिका का अपमान है।
साथ ही वे समाज में जहर घोलने का काम कर रहे हैं। जातिय उन्माद को बढ़ावा दे रहे हैं। अदालत ने गवाह और सबूतों के आधार पर सजा सुनाई है, न कि जाति देखकर। बता दें कि चारा घोटाले मामले में 23 दिसंबर को लालू यादव को दोषी करार दिया गया, वहीं जग्गनाथ मिश्रा को रिहा कर दिया गया। इसके बाद लालू पुत्र तेजप्रताप ने ट्वीट किया था कि यदि लालू प्रसाद यादव लालू प्रसाद मिश्रा होते तो वे भी रिहा हो जाते।





