Dehradun: ग्ली के संगीता महोत्सव में नन्हे धुरंधरों ने बिखेरा जादू

ग्ली म्यूजिक एंड डांस एकेडमी की ओर से आयोजित ‘यूफोनी-6 वार्षिक संगीत महोत्सव 2026’ में नन्हे कलाकारों ने अपनी प्रतिभा से दर्शकों से खूब वाहवाही बटोरी। नगर निगम टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में गायन, तबला, ढोलक, हारमोनियम और अन्य वाद्य यंत्रों की प्रस्तुतियों ने शाम को यादगार बना दिया।
एक के बाद एक मंच पर पहुंचे बच्चों ने सुरों और ताल के संग ऐसा समां बांधा कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो उठे। राग यमन की प्रस्तुति में अर्ना पंडिता ने हारमोनियम पर संगत कर कार्यक्रम में शास्त्रीय संगीत की सुंदर छटा बिखेरी।
बच्चों के व्यक्तित्व विकास का भी सशक्त जरिया संगीत: वंदना
ग्ली के मैनेजिंग डायरेक्टर संदीप सिंह ने कहा कि मंच मिलने से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उनकी प्रतिभा को नई पहचान मिलती है। निदेशक वंदना सिंह ने कहा कि संगीत केवल कला नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व विकास का भी सशक्त जरिया है।
कार्यक्रम के अंत में अर्नव पोली और अथर्व जुगरान को ‘स्टार ऑफ द ईवनिंग’ चुना गया, जबकि स्वास्तिक गोस्वामी, कियारा झांब, अहान घोष और प्राणिका झा को ‘द वाइब्रेंस’ सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में एस.एम. पांची मुख्य अतिथि रहे, जबकि आलोक उल्फत, डॉ. विजय गोडबोले, डॉ. सीमा रस्तोगी और ज्ञान प्रकाश गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।





