कटक टी-20 मैच में टीम इंडिया ने दर्ज की सबसे बड़ी जीत, श्रीलंका महज 87 रनों पर हुई ढेर…

टीम इंडिया ने श्रीलंका को कटक के बाराबाती स्टेडियम में खेले गए तीन मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में 93 रनों से शिकस्त देकर टी-20 फॉर्मेट में रनों के मामले में अपनी अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज की है. इस मैच में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 181 रनों का टारगेट दिया था, जिसके बाद श्रीलंका महज 87 रनों पर ऑलआउट हो गई.
टीम इंडिया ने इससे पहले टी-20 में अपनी सबसे बड़ी जीत साल 2012 में इंग्लैंड के खिलाफ दर्ज की थी. आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में खेले गए इस मैच में टीम इंडिया ने इंग्लिश टीम को पहले बल्लेबाजी करते हुए 171 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसके बाद इंग्लैंड की टीम महज 80 रन पर ऑलआउट हो गई थी और भारत ने यह मैच 90 रनों के अंतर से जीता था.
महेंद्र सिंह धोनी अब तक 24 बार कर चुके हैं इंटरनेशनल क्रिकेट में यह बड़ा कारनामा
टी-20 में भारत की 7 बड़ी जीत (रनों के मामले में)
1. बनाम श्रीलंका (2017), कटक, 93 रनों से जीत
2. बनाम इंग्लैंड (2012), कोलंबो, 90 रनों से जीत
3. बनाम इंग्लैंड (2017), बेंगलुरु, 75 रनों से जीत
4. बनाम ऑस्ट्रेलिया (2014), ढाका, 73 रनों से जीत
5. बनाम श्रीलंका (2016), रांची, 69 रनों से जीत
6. बनाम जिंबाब्वे (2015), हरारे, 54 रनों से जीत
7. बनाम न्यूजीलैंड (2017), दिल्ली, 53 रनों से जीत
ऐसे मिली कटक में जीत
इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में 3 विकेट गंवा कर 180 रन बनाए. टीम इंडिया की ओर से लोकेश राहुल ने शानदार वापसी करते हुए 48 गेंदों पर आतिशी 61 रनों की पारी खेली. इसके अलावा पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 39 रन और मनीष पांडे ने 32 रन बनाकर टीम इंडिया को 180 तक पहुंचाया.
181 के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की टीम 16 ओवर में महज 87 रन पर ऑलआउट हो गई.टीम इंडिया की ओर से यजुवेंद्र चहल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 23 रन देकर 4 विकेट चटकाए. वहीं हार्दिक पंड्या ने 3 तो कुलदीप यादव ने 2 विकेट झटके हैं. यजुवेंद्र चहल को ‘मैन ऑफ द मैच’ का अवॉर्ड दिया गया.





