CSK vs GT: चेन्नई अपने घर में गुजरात को देना चाहेंगे ‘गहरा जख्म’

पिछले कुछ मैचों शानदार प्रदर्शन करने वाली चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की टीम रविवार को गुजरात टाइटंस के विरुद्ध होने वाले आईपीएल के मैच में अपनी लय बरकरार रखने की कोशिश करेगी।
दूसरी तरफ लगातार दो हार का सामना करने वाली गुजरात टाइटंस की टीम अच्छा प्रदर्शन करके अपने अभियान को पटरी पर लाने के लिए बेताब होगी।
सीएसके का दमदार प्रदर्शन
सीएसके ने इस सत्र की शुरुआत अच्छी नहीं की थी, लेकिन इसके बाद उसने शानदार वापसी करके अपने पिछले चार मैचों में से तीन में जीत हासिल की है। इसमें मुंबई इंडियंस पर 103 रन की जीत भी शामिल है, जिसमें संजू सैमसन ने सत्र का अपना दूसरा शतक लगाया था।
रुतुराज गायकवाड़ की अगुआई वाली सीएसके के अभी छह अंक हैं और वह प्लेऑफ में जगह बनाने की दौड़ में बने रहने के लिए आगे किसी भी तरह की गलतियों से बचने के लिए प्रतिबद्ध होगी। सीएसके की टीम अभी अच्छी स्थिति में नजर आ रही है।
सीएसके की चिंता
मुंबई के विरुद्ध उसे सैमसन की शानदार पारी और अकील हुसैन की अगुवाई में गेंदबाजों के बेहतर प्रदर्शन के कारण बड़ी जीत मिली। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उसने यह जीत अपने स्टार खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी (पिंडली की चोट) और युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे (हैमस्टि्रंग की चोट) के बिना हासिल की।
हालांकि सीएसके के लिए कुछ क्षेत्र चिंता का विषय बने हुए हैं। उसके शीर्ष क्रम ने अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन मध्य क्रम आक्रामक बल्लेबाजी करने और साझेदारी निभाने में नाकाम रहा है। गायकवाड़ खुद भी खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं जबकि सरफराज खान, शिवम दुबे और डेवाल्ड ब्रेविस जैसे खिलाड़ी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने में नाकाम रहे हैं।
कंबोज के पास पर्पल कैप
सीएसके के लिए गेंदबाजी विभाग सकारात्मक पहलू रहा है। अंशुल कंबोज ने अपनी निरंतरता बनाए रखी है और टूर्नामेंट में अब तक सर्वाधिक 14 विकेट हासिल किए हैं। जेमी ओवरटन ने उनका अच्छा साथ दिया है। उन्होंने अभी तक नौ विकेट लिए हैं। नूर अहमद ने नियंत्रण बनाए रखा है और हुसैन ने पिछले मैच में चार विकेट लेकर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।
अवसरों का फायदा उठाने में नाकाम रही है टाइटंस
गुजरात टाइटंस की टीम अभी तक अवसरों का फायदा उठाने में नाकाम रही है। उसे पिछले दो मैच में हार का सामना करना पड़ा है। उसे मुंबई इंडियंस ने 99 रन और रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने पांच विकेट से हराया। उसके छह अंक है लेकिन खराब रन रेट के कारण वह सातवें स्थान पर है।
आक्रामक बल्लेबाजी को बढ़ावा देने वाले प्रारूप में उनका रूढि़वादी दृष्टिकोण हमेशा कारगर साबित नहीं हुआ है। विशेष रूप से मध्य क्रम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है और वे अक्सर अच्छी शुरुआत का लाभ उठाने में विफल रहे हैं।
खराब फील्डिंग को सुधारना होगा
आरसीबी के विरुद्ध अपने पिछले मैच में भी गुजरात 230 से अधिक का स्कोर बनाने की स्थिति में दिख रही था, लेकिन उसके बल्लेबाज 16वें और 19वें ओवर के बीच वे तेजी से रन बनाने में नाकाम रहे, जो बाद में निर्णायक साबित हुआ। खराब फील्डिंग ने उसकी मुश्किलें और बढ़ा दीं हैं।
विराट कोहली ने जब खाता भी नहीं खोला था तब उनका आसान कैच छोड़ दिया गया था जो काफी महंगा साबित हुआ। गुजरात के पास प्रसिद्ध कृष्णा, कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज जैसे तेज गेंदबाज हैं जबकि युवा अशोक शर्मा ने भी छह विकेट लेकर योगदान दिया है।
इस प्रकार हैं टीम
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, शाहरुख खान, अनुज रावत, जोस बटलर, कुमार कुशाग्र, टॉम बैंटन, ग्लेन फिलिप्स, जेसन होल्डर, निशांत सिंधु, राहुल तेवतिया, वॉशिंगटन सुंदर, साई किशोर, जयंत यादव, अरशद खान, शाहरुख खान, मानव सुथार, राशिद खान, मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा।
चेन्नई सुपर किंग्स: रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), एमएस धोनी (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), कार्तिक शर्मा (विकेटकीपर), डेवाल्ड ब्रेविस, सरफराज खान, उर्विल पटेल (विकेटकीपर), अमन खान, शिवम दुबे, जैक फाल्केस, रामकृष्ण घोष, अंशुल कंबोज, जेमी ओवरटन, मैथ्यू शार्ट, प्रशांत वीर, राहुल चाहर, श्रेयस गोपाल, गुरजापनीत सिंह, मैट हेनरी, अकील हुसैन, स्पेंसर जानसन, मुकेश चौधरी, नूर अहमद।





