“नई तकनीकों के माध्यम से खेती कर करें रोजगार का सृजन”: उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा

समस्तीपुर: बिहार में समस्तीपुर जिले के पूसा स्थित डा.राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में शनिवार से तीन दिवसीय किसान मेला प्रारंभ हुआ। बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मेले के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए किसानों से नई तकनीकों के अनुसार खेती करने पर बल दिया और कहा कि किसान भारत की परपंरागत खेती को अपनाकर इससे रोजगार सृजन करें। 

विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार बिहार को विकसित प्रदेश बनाने के लिए कृतसंकल्पित है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डा. पी. एस. पांडेय ने कहा कि मेले का मुख्य थीम ‘खाद्य सुरक्षा से कुपोषण सुरक्षा की ओर’ रखा गया है। विश्वविद्यालय द्वारा उत्पादित प्रोडक्टों को इस मेले में प्रदर्शित किया गया है। इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय मेले में आईसीआर के 103 संस्थान के 75 कृषि विश्वविद्यालय सहित बिहार, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, हिमाचल एवं झारखंड के हजारों किसान और कृषि वैज्ञानिक भाग ले रहे है। मेले में 180 से अधिक कृषि स्टाल भी लगाएं गए हैं।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव मृत्युंजय कुमार, प्रसार शिक्षा निदेशक डा. एम. एस.कुण्डु, पंजाब नेशनल बैंक,पटना के आंचलिक प्रबंधक सुधांशु शेखर दास, किसान चाची व पद्मश्री राजकुमारी देवी, जदयू सांसद रामनाथ ठाकुर, भाजपा विधायक तरूण कुमार एवं बिरेंद्र कुमार समेत अन्य वैज्ञानिक उपस्थित थे। 

Back to top button