Corona Update : बीते 24 घंटों में ठीक हुए रिकॉर्ड मरीज, सामने आए 37,724 नए मामले

नई दिल्ली। देश में कोरोना महामारी के मरीजों की संख्या में अब तेजी से बढ़ोतरी होने लगी है। पिछले 24 घंटों में कोरोना के 37 हजार 724 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही पूरे देश में अब तक कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर 11 लाख 92 हजार 915 पर पहुंच गई है। वहीं, कोरोना से पिछले 24 घंटों में 648 लोगों की मौत हो गई। इस तरह संक्रमण से मरने वालों की संख्या 28,732 तक पहुंच गई है।
वहीं इस बीच थोड़ी राहत की बात ये है कि एक दिन के अंदर 28 हजार 472 मरीज रिकवर होकर डिस्चार्ज किए जा चुके हैं। ये एक दिन में ठीक हुए मरीजों का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा बुधवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में 4,11,133 एक्टिव मरीज हैं। वहीं अब तक कोरोना से 7,53,050 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। इसके साथ देश का रिकवरी रेट बढ़कर 63.12 प्रतिशत हो गया है।
आपको बता दें कि बीते 22 दिनों के अंदर सबसे ज्यादा केस सामने आए हैं। इस दौरान देश में कोरोना वायरस के छह लाख मामले दर्ज किए गए हैं। भारत में 30 जून तक कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या पांच लाख 90 हजार के आसपास थी, जोकि 21 जुलाई तक बढ़कर लगभग बारह लाख तक पहुंच चुकी है। वहीं इस महीने यानी 21 दिनों के अंदर कुल 11 हजार लोगों की कोरोना की चपेट में आकर मौत हो गई है, जो कि देश में कोरोना से मरने वाले लोगों की कुल संख्या का करीब 40 फीसदी है।





