24 अगस्त से कांग्रेस करेगी संकल्प रैली का आगाज, चित्तौड़गढ़ से होगी शुरुआत

जयपुर: जयपुर में राहुल गांधी के सफल रोडशो से उत्साहित कांग्रेस 24 अगस्त से प्रदेश भर में कई जगहों पर संकल्प रैलियां आयोजित करेगी. पार्टी का कहना है कि उसने प्रदेश को ‘भाजपा के कुशासन’ से मुक्त करने के लिये यह पहल की है. प्रदेश कांग्रेस का कहना है कि इन रैलियों की शुरुआत 24 अगस्त को चित्तौडग़ढ़ से होगी.

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने लगातार पौने पांच साल तक जनता की अनदेखी की है और अब चुनावी वर्ष में अपने खोये हुए जनाधार को हासिल करने के लिए असफल प्रयास के रूप में राजस्थान गौरव यात्रा निकाली जा रही है. 

उन्होंने इस यात्रा में लोगों को लाने के लिए सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि 24 अगस्त को चित्तौडग़ढ़ में, 28 अगस्त को चूरू में, 5 सितम्बर को बाड़मेर में, 10 सितम्बर को करौली में तथा 12 सितम्बर को नागौर में संकल्प रैली होगी. 

Back to top button