पटना में लगा कांग्रेस का पोस्टर, नेताओं की तस्वीरों में लिखी गई जाति
नई दिल्ली: कहा जाता है कि यूपी और बिहार में सत्ता पाने के लिए पार्टियां धर्म और जातिगत समीकरणों पर बहुत ध्यान देती हैं. इस बात को साबित करता हुआ एक पोस्टर सामने आया है. दरअसल, बिहार के पटना में कांग्रेस पार्टी के एक पोस्टर में सभी नेताओं की फोटो जाति के साथ सामने आई है. पटना के इनकम टैक्स चौराहे पर लगे इस पोस्टर में नेताओं के धर्म और जाति लिखे गए हैं. यह पोस्टर कांग्रेस की नवनिर्वाचित प्रदेश कमेटी के नियुक्त पदाधिकारियों का है. 
इस पोस्टर में बाकायदा कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों की तस्वीर के साथ जाति/समुदाय लिखा गया है. पोस्टर में राहुल गांधी की तस्वीर पर ब्राह्मण समुदाय लिखा हुआ है. वहीं, अल्पेश ठाकोर की फोटो पर पिछड़ा समुदाय और शक्ति सिंह गोहिल की फोटो पर राजपूत समाज लिखा हुआ है. आपको बता दें कि हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के अमेठी दौरे पर उनके स्वागत में लगे पोस्टरों में राहुल को महान शिवभक्त बताया गया था.
गौरतलब है कि राहुल गांधी को लेकर कांग्रेस नेताओं ने पहले भी कई बयानों में उनकी जाति जाहिर की थी. कांग्रेस नेताओं में राहुल को ब्राह्मण साबित करने की होड़ मच गई थी.





