CM योगी ने मकर संक्रांति पर्व पर चढ़ाई गोरक्षनाथ मंदिर में खिचड़ी

लखनऊ/ गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने मकर संक्रांति के पावन पर्व पर नाथ सम्प्रदाय के प्रसिद्ध शिवावतारी गोरक्षनाथ मंदिर में खिचड़ी का भोग लगाया।
सीएम योगी ने तड़के चार बजे गोरक्षनाथ मंदिर में खिचड़ी चढ़ाई जिसके बाद मंदिर में परम्परागत रूप से खिचड़ी चढाने का सिलसिला शुरू हो गया। चटक धूप के बीच यहां आस्था का सैलाब हिलोरें मारता दिखायी पड़ा। बड़ी तादाद में श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर शिवावतारी गोरक्षनाथ के दर्शन किये और भोग लगाकर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की ।

सदियों से गोरक्षनाथ मंदिर में मकर संक्रान्ति के दिन खिचडी यानी कच्चा चावल,दाल और तिल चढ़ाने की परम्परा रही है। मान्यता के अनुसार योगी गोरखनाथ हिंमाचल प्रदेश के कांगडा के ज्वाला मंदिर से भ्रमण के बाद गोरखपुर आये थे और यहीं से उन्होंने अपने योग स्थल पर मकर संक्रान्ति के दिन खिचडी चढ़ाने की शुरूआत की थी।
पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में स्थित गोरखनाथ मंदिर में आज (मंगलवार) उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा बिहार तथा पडोसी देश नेपाल से भी भारी संख्या में श्रद्धालु खिचडी चढ़ाने आते हैं। अपरान्ह एक बजे तक छह लाख से अधिक भक्त शिवावतारी को खिचडी चढ़ा चुके थे।
ये भी पढ़ें:- मकर सक्रांति पर्व पर दर्दनाक हादसा, 6 की मौत, 500 से अधिक घायल 
इस परंपरा के साथ ही मेले भी शुरू हो गया है इस मेले में बिहार,दिल्ली,कोलकाता आदि प्रान्तों से दुकानदार आये हैं। सुरक्षा के मद्देनजर मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं को मेटल डिटेक्टर से होकर गुजरना पड रहा है। भारी संख्या में पुलिस पीएसी के जवानों को तैनात किया गया है। सुरक्षा के लिए 1500 स्वयं सेवक मंदिर की तरफ से लगाये गये हैं।
सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर परिसर को चार सुरक्षा जोन और 11 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। हर जोन में एक प्रभारी पुलिस अधीक्षक तैनात किया गया हैं जबकि प्रत्येक सेक्टर के सुरक्षा की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी या निरीक्षक को सौंपी गयी है।

मकर संक्रांति पर्व पर श्री गोरखनाथ मंदिर, गोरखपुर में। pic.twitter.com/sBZkJ5V7Xr
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) January 15, 2019

मंदिर में आने जाने लोगों पर सीसीटीवी कैमरों की मदद से पैनी नजर रखी जा रही है। खिचडी चढ़ाने का सिलसिला देर रात तक चलने का अनुमान है जिसमें लगभग 12 लाख से अधिक श्रद्धालुओं द्वारा खिचडी चढाने का अनुमान है। इस मौके पर गोरखनाथ क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में फेरबदल भी किया है।
श्री योगी मंदिर परिसर का भ्रमण लगातार कर रहे हैं जिससे दूर दराज और ग्रामीण क्षेत्रों से आये श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कठिनायी न होने पाये। मेला परिसर में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूला, खानपान की दुकानें, महिलाओं के सौन्दर्य प्रसाधन और रोजमर्रा के इस्तेमाल वस्तुओं की दुकान पर भारी भीड है।

Back to top button